बुधवार को टनकपुर में कैलाश मानसरोवर यात्रियों का पहुंचेगा 47 सदस्यीय दूसरा दल, 34 पुरुष और 13 महिला शिवभक्त शामिल।
टनकपुर (चम्पावत)। उत्तराखंड से होकर संचालित हो रही पावन कैलाश मानसरोवर यात्रा का शुभारंभ शनिवार को टनकपुर से हो गया हैं । यात्रा का पहला 49 सदस्यीय दल शनिवार की शाम टनकपुर पहुँचा, जिन्हे रविवार को सूबे के मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर धार्मिक यात्रा के लिए रवाना किया। अब यात्रा का दूसरा दल बुधवार की शाम टनकपुर शारदा पर्यटक आवास गृह मे पहुंचेगा, जिसमे 47 सदस्य मौजूद हैं। दल मे 34 पुरुष और 13 महिलायें शामिल हैं। इस आशय की जानकारी शारदा पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक मनोज कुमार से प्राप्त हुई।
टीआरसी मैनेजर मनोज कुमार ने बताया दल मे आंध्र प्रदेश से 02, दिल्ली से 05, गुजरात से 10, हरियाणा से 03, कर्नाटक से 01, मध्य प्रदेश से 04, महाराष्ट्र से 06, राजस्थान से 08, तेलंगाना से 01, उत्तर प्रदेश से 05 और उत्तराखंड से 02 यात्री शामिल हैं। यात्रा दल मे सबसे वरिष्ठ दो तीर्थयात्री 69 वर्ष के मध्य प्रदेश के निवासी हैं, जबकि सबसे युवा दो तीर्थयात्री 26 वर्षीय महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। इससे स्पष्ट होता है कि भगवान शिव के दर्शन और कैलाश मानसरोवर यात्रा के प्रति श्रद्धा हर आयु वर्ग के लोगों में समान रूप से विद्यमान है।

