कैलाश मानसरोवर यात्रा का छठा दल शुक्रवार की शाम पहुंचा टनकपुर, शारदा पर्यटक आवास गृह में हुआ भव्य स्वागत।

टनकपुर (चम्पावत)। उत्तराखंड से होकर संचालित हो रही पावन कैलाश मानसरोवर यात्रा का 51 सदस्यीय छठा दल शुक्रवार शाम लगभग 4 बजे शारदा पर्यटक आवास गृह (टीआरसी) टनकपुर पहुंचा, जहां तीर्थयात्रियों का पुष्पवर्षा माल्यार्पण व वेलकम ड्रिंक से स्वागत किया गया। इस आशय की जानकारी शारदा पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक मनोज कुमार से प्राप्त हुई।

शारदा पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया छठे दल में दो एलओ एक चिकित्सक सहित कुल 51 शिवभक्त शामिल हैं, जिनमें 34 पुरुष एवं 17 महिला तीर्थयात्री हैं। टनकपुर पहुंचने पर सभी यात्रियों का पारंपरिक रीति रिवाज, फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के साथ भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया । शाम को यात्रियों के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा,जिसमें उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

उन्होंने बताया कि छठे दल में 13 राज्यों से शिवभक्त धार्मिक और आध्यात्मिक यात्रा के लिए आये है, जिसमे असम से 1, छत्तीसगढ़ से 2, दिल्ली से 5, गुजरात से 9, हरियाणा से 4, कर्नाटक से 2, महाराष्ट्र से 4, उड़ीसा से 1, राजस्थान से 9, तेलंगाना से 1, त्रिपुरा से 1, उत्तर प्रदेश से 9 और पश्चिम बंगाल से 3 श्रद्धालु शामिल है।यह दल देश की विविधता और राष्ट्रीय एकता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करता है।

शनिवार की सुबह दल अगले पड़ाव की यात्रा के लिए कूच करेगा। कस्तूरबा गांधी आवसीय विद्यालय की छात्राओं व माँ पूर्णागिरि पर्यावरण संरक्षण समिति के बच्चों द्वारा अध्यक्ष दीपा देवी के नेतृत्व में शिवभक्तो का पारम्परिक रीति रिवाज से भव्य स्वागत किया जा रहा है।


