टनकपुर में कौमी एकता की मिसाल: गौ माता को राष्ट्रीय दर्जा देने की मांग को वक्फ कमेटी का भी समर्थन, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन।

खबर शेयर करें -

टनकपुर में कौमी एकता की मिसाल: गौ माता को राष्ट्रीय दर्जा देने की मांग को वक्फ कमेटी का भी समर्थन, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन।

टनकपुर (चम्पावत)। नगर में एक सकारात्मक और सामाजिक सौहार्द का संदेश देने वाली पहल सामने आई है, जहां विभिन्न हिन्दू संगठनों द्वारा गौ माता को “राष्ट्रीय गौ माता” घोषित किए जाने की मांग को अब मुस्लिम समाज से जुड़े वक्फ कमेटी ने भी समर्थन दिया है। इस पहल ने क्षेत्र में कौमी एकता और भाईचारे की नई मिसाल पेश की है।

सोमवार को “वक्फ संख्या 266 (कब्रिस्तान कमेटी)” टनकपुर के सदस्यों एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने एकजुट होकर अध्यक्ष शादाब अंसारी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को संबोधित ज्ञापन तहसील प्रशासन के माध्यम से प्रेषित किया। ज्ञापन में गौ माता को राष्ट्रीय दर्जा दिए जाने की मांग का समर्थन करते हुए इसे भारतीय संस्कृति और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताया गया।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि भारतीय समाज में गौ माता केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि कृषि, स्वास्थ्य और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की भी आधारशिला रही हैं। वक्फ कमेटी के सदस्यों ने कहा कि यह विषय केवल एक धर्म विशेष का नहीं, बल्कि समाज की साझा विरासत और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ा हुआ है।

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की पहल समाज में आपसी भाईचारा, सम्मान और एकता को मजबूत करती है। उन्होंने राज्य सरकार से अपील की कि वह इस जनभावना को गंभीरता से लेते हुए केंद्र सरकार के समक्ष अपना समर्थन प्रस्तुत करे।

टनकपुर क्षेत्र में इस कदम को लेकर आमजन में भी सकारात्मक चर्चा देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि जब विभिन्न समुदाय एक मंच पर आकर सामाजिक मुद्दों पर एकजुट होते हैं, तो यह देश की एकता और अखंडता को और मजबूत बनाता है। यह पहल न केवल गौ सम्मान से जुड़ी भावना को दर्शाती है, बल्कि समाज में साम्प्रदायिक सौहार्द और सहयोग की एक प्रेरणादायक मिसाल भी पेश करती है।

इस दौरान अध्यक्ष शादाब अंसारी, सचिव वकील अंसारी, सदस्य एवं सलाहकार दिलदार अली और सदस्य काशिफ अज़ीम मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page