विभिन्न मांगो कों लेकर बनबसा नगर पंचायत के पर्यावरण मित्रो का कार्य बहिष्कार दूसरे दिन भी जारी, देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले हड़ताल पर डटे हैं पर्यावरण मित्र, आंदोलन जारी रखने का ऐलान।
बनबसा (चम्पावत)। गुरूवार कों दूसरे दिन भी देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले नगर पंचायत बनबसा के पर्यावरण मित्र अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नगर पंचायत कार्यालय के बाहर धरने एवं हड़ताल पर डटे रहे। कर्मचारियों में भारी रोष देखने को मिला तथा सभी ने एकजुट होकर अपनी मांगों को जल्द पूरा किए जाने की मांग उठाई। पर्यावरण मित्रों का कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर प्रशासन द्वारा लिखित रूप से ठोस आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक हड़ताल लगातार जारी रहेगी। कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से वेतन, मानदेय एवं अन्य समस्याओं को लेकर संघर्ष करना पड़ रहा है, लेकिन अभी तक समाधान नहीं निकल पाया है।
धरना स्थल पर कर्मचारियों ने एक स्वर में अपनी आवाज बुलंद करते हुए कहा कि पर्यावरण मित्र नगर की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने में दिन-रात मेहनत करते हैं, इसके बावजूद उनकी समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। जिसे अब किसी भी दशा मे बर्दाश्त किया जाना सम्भव प्रतीत नहीं हो रहा हैं।
दूसरे दिन के कार्य बहिष्कार मे अध्यक्ष प्रमोद रत्नाकर, राजन, अरुण वाल्मीकि, होरीलाल, सौरभ, विजय पाल, नन्हेंलाल, सुनील, सानू, मिथिलेश, सोनी, कमलेश, लक्ष्मी, अभिषेक, निखिल, अमरपाल, राजा, शिवम, सचिन, राज किरण सहित समस्त पर्यावरण मित्र उपस्थित रहे।


