टनकपुर पावर स्टेशन बनबसा में लगे निःशुल्क ओपीडी शिविर में 56 मरीजों ने उठाया लाभ, एक सप्ताह के भीतर एनएचपीसी ने लगाया दूसरा बड़ा स्वास्थ्य शिविर।
टनकपुर/बनबसा। बुधवार को टनकपुर पावर स्टेशन के चिकित्सालय परिसर, बनबसा में जनहित में निःशुल्क ओपीडी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ पावर स्टेशन प्रमुख ऋषि रंजन आर्य ने किया। इस दौरान पावर स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी सुझाव दिए गए। अपोलो अस्पताल से आए पेट रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें उचित चिकित्सा सलाह प्रदान की।
इस अवसर पर पावर स्टेशन के कर्मचारियों, उनके परिजनों, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों एवं आसपास के स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुल 56 लोगों ने शिविर का लाभ उठाया। कार्यक्रम के सफल संचालन में पावर स्टेशन अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्टाफ की अहम भूमिका रही। समर्पित सेवा और बेहतर प्रबंधन के चलते शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। ऐसे चिकित्सा शिविर न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाते हैं, बल्कि स्थानीय समुदाय और संस्थान के बीच विश्वास एवं सहयोग को भी मजबूत करते हैं।

