एक्शन – नगर पालिका परिषद टनकपुर ने दी अतिक्रमणकारियों को चेतावनी, सोमवार से चलेगा वृहद अतिक्रमण हटाओ अभियान:- ऋषभ उनियाल, अधिशाषी अधिकारी।
टनकपुर (चम्पावत) । नगर पालिका परिषद टनकपुर द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को विशेष अभियान चलाया गया। अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल के नेतृत्व में पालिका प्रशासन ने चड्डा चौराहे से लेकर मेला टंकी मार्ग तक रोड के दोनों किनारों पर किए गए अस्थाई अतिक्रमण के विरुद्ध मुनादी (अनाउंसमेंट) कराकर कड़ी चेतावनी जारी की।
निरीक्षण के दौरान स्वयं अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल पालिका के अन्य कर्मचारियों के साथ धरातल पर उतरे और व्यापारियों व फड़-ठेली स्वामियों को फुटपाथ खाली करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि फुटपाथ आम राहगीरों के आवागमन के लिए हैं, न कि व्यापारिक गतिविधियों के लिए। पालिका प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, चड्डा चौराहा से मेला टंकी मार्ग पर भारी अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
अधिशासी अधिकारी ने दो-टूक शब्दों में कहा कि सभी संबंधित लोग स्वयं ही अपना अतिक्रमण हटा लें। यदि रविवार तक मार्ग खाली नहीं किया गया, तो आगामी सोमवार से नगर पालिका द्वारा ‘वृहद अतिक्रमण हटाओ अभियान’ चलाया जाएगा। इस अभियान के दौरान सड़कों और फुटपाथों पर पाया गया सामान तत्काल जब्त कर लिया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए भारी जुर्माना वसूला जाएगा।
इस अभियान और निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल , वरिष्ठ लिपिक बसंत राज एवं सफाई सुपरवाइजर राकेश , रामरतन तथा विशाल बाबू सहित पालिका की टीम मौजूद रही । पालिका प्रशासन ने सभी व्यापारियों से शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने में सहयोग की अपील की है।
……………………………………………………………………………………
नगर पालिका टनकपुर द्वारा गौवंशों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु ‘रेडियम बेल्ट’ अभियान की शुरुआत।

टनकपुर। शहर में बेसहारा गौवंशों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और रात के समय होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से गुरुवार को नगर पालिका परिषद, टनकपुर द्वारा एक विशेष और संवेदनशील अभियान चलाया गया। यह अभियान पशुपालन विभाग तथा परिवहन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।
इस अभियान के अंतर्गत नगर पालिका के कर्मचारियों द्वारा शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों, चौराहों और कॉलोनियों में विचरण करने वाले गौवंशों के गले में ‘रेडियम बेल्ट’ बांधे गए।ईओ ऋषभ उनियाल ने बताया रात के अंधेरे में सड़क पर बैठे या घूमते पशु अक्सर वाहन चालकों को दिखाई नहीं देते, जिससे गंभीर हादसे होते हैं। रेडियम बेल्ट पर वाहनों की हेडलाइट पड़ते ही वह दूर से चमकने लगेगा, जिससे चालक समय रहते अपने वाहन की गति नियंत्रित कर सकेंगे। इस पहल से वाहनों की चपेट में आने से गौवंशों को लगने वाली चोटों और उनकी असमय मृत्यु के मामलों में भारी कमी आएगी।अचानक पशुओं के सामने आ जाने से दोपहिया और चार पहिया वाहन चालकों के साथ होने वाली जानलेवा दुर्घटनाओं से बचाव होगा।
नगर पालिका प्रशासन ने बताया कि बेजुबान जानवरों की सुरक्षा और आम जनमानस की सुगम यात्रा के लिए यह कदम उठाया गया है। नगर पालिका परिषद, टनकपुर ने इस पुनीत कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान करने के लिए पशुपालन विभाग और परिवहन विभाग का हार्दिक आभार व्यक्त किया है। साथ ही, ज़मीनी स्तर पर पूरी निष्ठा के साथ इस कार्य को अंजाम देने वाले पालिका कर्मचारियों की भी भूरि-भूरि प्रशंसा की गई है।
नगर पालिका परिषद, टनकपुर आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील करती है कि वे रात के समय वाहन चलाते समय गति सीमा का ध्यान रखें और बेजुबान पशुओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाएं।

