आदर्श चम्पावत ‘लोगो’ ने जंबूरी 2025 में बटोरी सुर्खियाँ 32 सदस्यीय चम्पावत दल का लखनऊ में रहा शानदार प्रदर्शन।

खबर शेयर करें -

आदर्श चम्पावत ‘लोगो’ ने जंबूरी 2025 में बटोरी सुर्खियाँ 32 सदस्यीय चम्पावत दल का लखनऊ में रहा शानदार प्रदर्शन।

चम्पावत /लखनऊ । 23 से 29 नवंबर तक लखनऊ के डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में आयोजित स्काउट एंड गाइड्स के महाकुंभ जंबूरी 2025 में चम्पावत जिले का 32 सदस्यीय दल आकर्षण का केंद्र बना। दल में 4 मार्गदर्शक स्काउट-गाइड शिक्षक तथा 28 छात्र-छात्राएँ शामिल रहे। दल ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लेते हुए जिले का उत्कृष्ट प्रतिनिधित्व किया। जंबूरी का मुख्य आकर्षण रहा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की परिकल्पना पर आधारित आदर्श चम्पावत का ‘लोगो’, जिसे चम्पावत टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता से प्रस्तुत किया। जिला सचिव स्काउट-गाइड दयाकृष्ण जोशी, स्काउट मास्टर संदीप कुमार, जिला प्रशिक्षण आयुक्त नमिता जोशी तथा जनार्दन गड़कोटी के मार्गदर्शन में आदर्श चम्पावत लोगो ने पूरे जंबूरी में विशेष पहचान बनाई। ‘लोगो’ में चम्पावत की संस्कृति, इतिहास, प्राकृतिक सुंदरता, प्रगति और युवा शक्ति को दर्शाया गया है। प्रस्तुति के दौरान लोगो की विशेषताओं को कविता के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।“आदर्श चम्पावत का ये चिन्ह निराला, की गाथा, इतिहास उजाला। हरी पहाड़ियाँ दें प्रकृति का सन्देश, गियर दिखाएँ प्रगति का विशेष। युवा करें राफ्टिंग उमंग से भरे, एकता-विकास के सपने संजोए खरे।”

जंबूरी में चम्पावत दल ने जिन प्रमुख गतिविधियों में सहभाग किया, उनमें शामिल मार्चपास्ट, लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम, कलर पार्टी, फूड प्लाज़ा शामिल रहे। प्रदर्शनी में आदर्श चम्पावत की प्रस्तुति, देवीधुरा के प्रसिद्ध बग्वाल का मंचित प्रदर्शन, साहसिक खेलों की आकर्षक प्रस्तुति, चम्पावत के धार्मिक एवं दर्शनीय स्थलों की झलक जिले की टीम ने सिग्नलिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी दक्षता का प्रमाण दिया।दल में स्काउट गाइड्स दीर्घा पाण्डेय, उन्नति चन्द, मनीषा चन्द, राजनंदनी, साक्षी, कुसुम, अंतरा, रेनू, किरण बिष्ट, पूजा तिवारी, दीपांशु भट्ट, सचिन भट्ट, कौशल शर्मा, लकी सिंह एवं आयुष्मान सिंह ने अनुशासन, कौशल और सहभागिता से जिले का गौरव बढ़ाया। इस जंबूरी में भारत के साथ-साथ एशिया-पैसिफिक देशों की भागीदारी ने कार्यक्रम को अंतरराष्ट्रीय रंग प्रदान किया, जिसमें चम्पावत की प्रस्तुतियाँ और आदर्श चम्पावत लोगो विशेष चर्चा का विषय रहे। जंबूरी 2025 चम्पावत जिले के लिए गर्व और उपलब्धि का महत्वपूर्ण क्षण रहा, जिसने उत्तराखंड की संस्कृति, प्रकृति, प्रगति और युवा ऊर्जा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page