अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने मनाया कारगिल विजय दिवस, शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया पौधरोपण, दिया पर्यावरण संरक्षण का सन्देश।

टनकपुर (चम्पावत)। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद की ओर से शनिवार को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर सैनिक विश्राम गृह टनकपुर के सभागार में एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस, वीरता एवं सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रभारी निरीक्षक चेतन सिंह रावत रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का त्याग और पराक्रम देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रभक्ति की भावना को आत्मसात कर देश सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर उपस्थित पूर्व सैनिकों ने कारगिल युद्ध के अपने अनुभव साझा करते हुए युद्ध की परिस्थितियों, भारतीय सेना के अदम्य साहस तथा विजय की गौरवगाथा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक सैन्य सफलता नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और वीर जवानों के अद्वितीय बलिदान का प्रतीक है।

कार्यक्रम के समापन पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पीएलवी (पैरा लीगल वालंटियर) अधिकार मित्रों ने पूर्व सैनिकों के साथ मिलकर पौधरोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि शहीदों की स्मृति में पौधे लगाना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों, अधिकार मित्रों तथा गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। सभी ने राष्ट्र की रक्षा में अपने प्राण न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

इस दौरान तहसीलदार पिंकी आर्या, कोतवाल चेतन सिंह रावत, कैप्टन चंद्रशेखर गहतोड़ी, कैप्टन राजेंद्र सिंह अधिकारी, कैप्टन केशव सिंह भंडारी, कैप्टन जीत सिंह, कैप्टन पूर्णानंद जोशी, सूबेदार मेजर महेश जोशी, सूबेदार पुष्कर सिंह बोहरा, हवलदार मनोज तिवारी, हवलदार कैलाश राय, सूबेदार धर्म सिंह रावत, हवलदार दिग्विजय तड़ागी के अलावा पीएलवी अजय गुरुरानी, बिजेंद्र अग्रवाल, किरन गहतोड़ी शमशाद बानो, सोनी सिंह, राधिका अधिकारी, प्रियंका पंचोली, सुनील कुमार, अनिल कुमार, प्रमोद, सुनीता टम्टा, प्रियंका, अंजू बोहरा, प्रो बोनो plv इजहार अली, सोनी जहां, अर्चना लोहनी, हरीश चंद्र गौड, नीरू विष्ट सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।


