पर्यावरण संरक्षण को लेकर बनबसा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चलाया गया जागरूकता अभियान, तमाम पीएलबी रहे मौजूद।
बनबसा (चम्पावत)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंपावत के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण को लेकर चलाए जा रहे विशेष जागरूकता अभियान के तहत बनबसा क्षेत्र में व्यापक अभियान चलाया गया। यह अभियान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंपावत के सचिव भावदीप रावत के निर्देश पर संचालित किया गया। अभियान के अंतर्गत क्षेत्र के पैरा लीगल वॉलंटियर (पीएलबी) एवं प्रो बोनो पीएलवी द्वारा विभिन्न स्थानों पर विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में लोगों को बढ़ते प्रदूषण से पर्यावरण को हो रहे नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान आमजन को वायु प्रदूषण, जल प्रदूषण, ध्वनि प्रदूषण एवं मृदा प्रदूषण से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही खेती-बाड़ी में लगातार प्रयोग हो रहे कीटनाशकों एवं रासायनिक खादों से मृदा और मानव स्वास्थ्य को हो रहे नुकसान के प्रति भी जागरूक किया गया। लोगों से खेती में जैविक खादों के प्रयोग, अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा खेतों में पराली न जलाने का आग्रह किया गया। इसके अतिरिक्त पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986 के प्रमुख प्रावधानों की भी जानकारी दी गई।
इस विशेष पर्यावरण जागरूकता अभियान में पीएलबी अर्जुन सिंह, किरण जोशी, दीपा देवी, पूजा जोशी, रितु महर, हरि प्रिया जोशी तथा प्रो बोनो पीएलवी सुरेश उप्रेती, राधा चंद, मंजू पतं सहित अन्य लोग शामिल रहे।




