अल्मोड़ा – जोशी खोला–थपलिया में तेंदुए का बढ़ता आतंक, प्रशासनिक उदासीनता से भड़का जनाक्रोश।

खबर शेयर करें -

अल्मोड़ा – जोशी खोला–थपलिया में तेंदुए का बढ़ता आतंक, प्रशासनिक उदासीनता से भड़का जनाक्रोश।

अल्मोड़ा नगर के जोशी खोला और थपलिया क्षेत्र इन दिनों दहशत के साए में जी रहे हैं। मंगलवार को एक बार फिर जोशी खोला में तेंदुए को खुलेआम घूमते देखा गया, जिससे क्षेत्रवासियों में भय के साथ-साथ भारी आक्रोश व्याप्त है। बीते कई दिनों से तेंदुए की लगातार गतिविधियां सामने आ रही हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस और स्थायी कार्रवाई नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई नई घटना नहीं है। पूर्व में भी इन्हीं क्षेत्रों में तेंदुए की मौजूदगी दर्ज की गई थी, उस समय वन विभाग द्वारा महज एक-दो दिन की औपचारिक गश्त कर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। नतीजा यह है कि आज लोग अपने ही घरों, गलियों और रास्तों पर खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

 

गांधी पार्क वार्ड के पार्षद एडवोकेट दीपक कुमार जोशी द्वारा सूचना दिए जाने पर सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे ने तत्काल वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया। उन्होंने निरंतर रात्रिकालीन गश्त, पुलिस के माध्यम से व्यापक मुनादी तथा तेंदुए को पकड़ने के लिए तत्काल पिंजरा लगाए जाने की मांग सख्ती से रखी।प्रभागीय वनाधिकारी दीपक कुमार ने आश्वासन दिया है कि वन विभाग की टीमें जोशी खोला और थपलिया क्षेत्रों में रात के समय सक्रिय रहेंगी तथा हालात की गंभीरता को देखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि क्षेत्रवासियों का स्पष्ट कहना है कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई देने वाली कार्रवाई की जरूरत है। इधर पार्षद एडवोकेट दीपक कुमार जोशी और सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे ने संयुक्त रूप से प्रशासन को चेताया है कि जनसुरक्षा के मामलों में अब खानापूर्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि रात के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें, बच्चों व बुजुर्गों को अकेला न छोड़ें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग या पुलिस को दें।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page