स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय पं. पूर्णानंद जोशी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, टनकपुर में अप्रेंटिसशीप मेले का किया गया आयोजन, मेले में कुल 106 अभ्यर्थियों का हुआ चयन।
टनकपुर (चम्पावत)। कौशल विकास एवं उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय पं. पूर्णानंद जोशी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, टनकपुर में अप्रेंटिसशीप मेले का आयोजन किया गया। मेले में कुल 106 अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा किया गया।मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि संयुक्त निदेशक (प्रशिक्षण/शिक्षु) कुमाऊं मयंक अग्रवाल एवं संस्थान के प्रधानाचार्य लोकेश चंद्र भट्ट ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने अभ्यर्थियों को कंपनियों में होने वाले कार्यों की जानकारी दी तथा चयनित अभ्यर्थियों को अनुशासन एवं निष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
अप्रेंटिसशीप मेले में ल्यूमैक्स, टाटा मोटर्स, ऑटो टैक्सटाइल्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, राने मद्रास लिमिटेड, खटीमा फाइबर्स लिमिटेड, क्राफ्टमैन, ईस्टर इंडस्ट्रीज लिमिटेड, पालीपैक्स कॉरपोरेशन लिमिटेड, अदविक हाईटेक प्राइवेट लिमिटेड, संसेरा इंजीनियरिंग तथा रैकिट बेकाइजर जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों द्वारा लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन किया गया।प्रधानाचार्य लोकेश चंद्र भट्ट ने बताया कि मेले में कुल 215 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 170 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया और अंततः 106 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।


