बैराज मार्ग पर टैक्सी बाइक संचालन पर रोक से आक्रोश,मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय गेट पर बाइक संचालकों ने किया प्रदर्शन
टनकपुर(चम्पावत)।टनकपुर बैराज मार्ग पर टैक्सी बाइक संचालन पर लगी रोक से नाराज बाइक संचालकों ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बैराज मार्ग पर टैक्सी बाइकों के संचालन पर लगाए गए प्रतिबंध को तत्काल हटाने की मांग की।प्रदर्शनकारी टैक्सी बाइक संचालकों ने बताया कि टनकपुर बैराज मार्ग से नेपाल ब्रह्मदेव भारतीय सीमा तक टैक्सी बाइक का संचालन किया जाता है, जिस पर गत दिवस दोपहर अचानक रोक लगा दी गई। इस निर्णय से करीब पांच दर्जन टैक्सी बाइक संचालकों की रोजी-रोटी पर सीधा असर पड़ा है। टैक्सी बाइक संचालकों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही प्रतिबंध नहीं हटाया गया तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे।
बाइक संचालकों ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय गेट परिसर में एकत्र होकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। इस दौरान टैक्सी बाइक संचालकों और मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के प्रशासनिक अधिकारी राजपाल चौहान के बीच वार्ता भी हुई, लेकिन वार्ता बेनतीजा रही। प्रदर्शन में मनोज कुमार, विजय गिरी, रोहित कश्यप, रवि गुप्ता, भूरा अंसारी, विक्रम राम, सोनू कश्यप, नितिन कुमार, आकाश कुमार, भोला कश्यप, गुड्डू, अफसार अहमद, शोएब अहमद सहित अनेक टैक्सी बाइक संचालक शामिल रहे।




