सूखीढांग में मानव-वन्यजीव संघर्ष व वनाग्नि सुरक्षा पर जागरूकता गोष्ठी का किया गया आयोजन, तमाम ग्रामीण और छात्र छात्राओं को जानकारी देकर किया गया जागरूक।
चम्पावत। बूम वन क्षेत्र के सूखीढांग अनुभाग अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज तलियाबांज में बुधवार को मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकथाम एवं वनाग्नि सुरक्षा/नियंत्रण विषय पर जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रभागीय वनाधिकारी एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में किया गया।
गोष्ठी की अध्यक्षता प्रधानाचार्य विपिन उप्रेती ने की। इस अवसर पर अनुभाग अधिकारी सूखीढांग सहित वन विभाग के अधिकारियों ने वनाग्नि से होने वाले दुष्परिणामों, वन्यजीवों की सुरक्षा तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष से सुरक्षित रहने के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता फैलाएं और वनाग्नि की किसी भी घटना की तत्काल सूचना विभाग को दें।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने वनाग्नि नियंत्रण, आग की घटनाओं पर पूर्ण अंकुश लगाने तथा वनाग्नि काल के दौरान वन विभाग को पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया।
गोष्ठी में वन दरोगा गिरीश चन्द्र जोशी, वन बीट अधिकारी राजेन्द्र कुमार एवं गौरव, पूर्व वन पंचायत सरपंच राजेन्द्र प्रसाद जोशी सहित विद्यालय के सहायक अध्यापक गणेश तिवारी, कमल कापड़ी, रवीन्द्र जोशी, मनोज जोशी, आशुतोष, कमला बोहरा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

