खराब मौसम ने रोकी राहुल गांधी की उड़ान, अल्मोड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मिली मायूसी, मोबाइल फोन से किया जनसभा को संबोधित, भाजपा सरकार और केंद्र की नीतियों पर साधा निशाना।

➡️ “मौसम बना राहुल गांधी के अल्मोड़ा दौरे में बाधा, फोन से गरजे राहुल; कार्यकर्ताओं में रही मायूसी”.
अल्मोड़ा। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित अल्मोड़ा दौरे के रद्द होने से गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में मायूसी छा गई। लंबे समय से राहुल गांधी के स्वागत और जनसभा की तैयारियों में जुटे कार्यकर्ताओं को उस समय निराशा हाथ लगी जब खराब मौसम के कारण उनका हेलीकॉप्टर अल्मोड़ा में उतर नहीं सका और उन्हें वापस लौटना पड़ा।

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने राहुल गांधी के कार्यक्रम निरस्त होने की आधिकारिक घोषणा की। बताया गया कि पहाड़ी क्षेत्रों में खराब मौसम और उड़ान के प्रतिकूल हालात के चलते हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग संभव नहीं हो सकी।

हालांकि कार्यक्रम स्थल पर मौजूद हजारों कार्यकर्ताओं को निराश न करते हुए राहुल गांधी ने मोबाइल फोन के माध्यम से जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने केंद्र सरकार और भाजपा पर जमकर हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य गठन का सपना यह था कि प्रदेश की जनता अपने भविष्य का निर्णय स्वयं करे, लेकिन आज राज्य को दिल्ली से रिमोट कंट्रोल के जरिए चलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड के प्राकृतिक संसाधनों का दोहन किया जा रहा है और केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों ने देश की अर्थव्यवस्था को कमजोर किया है। नोटबंदी और जीएसटी का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि इन फैसलों ने छोटे व्यापारियों और आम जनता को भारी नुकसान पहुंचाया है।
राहुल गांधी ने विदेश नीति, कृषि और शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि वर्तमान नीतियों के कारण देश आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है। अपने संबोधन के दौरान राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को “बब्बर शेर” बताते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और जल्द ही उत्तराखंड आकर सीधे मुलाकात करने का भरोसा दिलाया।
राहुल गांधी का कार्यक्रम भले ही मौसम की वजह से रद्द हो गया हो, लेकिन उनके फोन संबोधन ने कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने का काम किया। वहीं उनके अल्मोड़ा न पहुंच पाने की कसक कांग्रेस समर्थकों के चेहरों पर साफ दिखाई दी।

