देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ की देहरादून मे शहरी विकास मंत्री के साथ हुई बैठक रही सकारात्मक, संघ ने किया आंदोलन स्थगित।
देहरादून/टनकपुर। शनिवार को राजधानी देहरादून में देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ की उच्च स्तरीय बैठक शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा के साथ संपन्न हुई। बैठक में संघ के प्रदेश अध्यक्ष राहत मसीह, प्रदेश महामंत्री राजपाल पवार सहित संगठन के तमाम वरिष्ठ पदाधिकारी और सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे। यह बैठक सफाई कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं और जायज मांगों को लेकर बुलाई गई थी, जो बेहद सकारात्मक और उम्मीदों से भरी बताई जा रही है ।
बैठक के दौरान शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने संगठन की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और विश्वास दिलाया कि सफाई कर्मचारियों की समस्त जायज मांगों का शीघ्र ही निस्तारण कर दिया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष राहत मसीह ने बताया सरकार व शासन स्तर पर हुई सकारात्मक बैठक के पश्चात् जो मांगें तत्काल लागू की जा सकती हैं, उन्हें बिना किसी देरी के तत्काल प्रभाव से लागू किया जा रहा है और शासन स्तर से जुड़ी जटिल मांगों को लेकर शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा उस पर अभी मंथन कर जल्द ही सार्थक समाधान की ओर प्रयास किये जाएंगे।
संघ के चम्पावत इकाई के जिला अध्यक्ष श्याम सिंह बाल्मीकि ने बताया संघ के प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर कुछ समय के लिए आंदोलन स्थगित किया गया है, आवश्यकतानुसार भविष्य मे अगर शासन स्तर की मांगो पर विलम्ब किया गया तो फिर से प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कुछ मांगो को मान लिए जाने पर शहरी विकास मंत्री रामसिंह कैड़ा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित सम्बंधित अधिकारियों का आभार जताया।

