एनएचपीसी पावर स्टेशन टनकपुर की बड़ी उपलब्धि, ‘Excellence in Energy Management’ के लिए 12वां PSU पुरस्कार मिला, जीएम ऋषि रंजन आर्य ने नई दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में ग्रहण किया पुरस्कार।
नई दिल्ली/बनबसा। ऊर्जा प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए टनकपुर पावर स्टेशन ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। प्रतिष्ठित संस्था Governance Now द्वारा टनकपुर पावर स्टेशन को Excellence in Energy Management श्रेणी में 12वें PSU पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान 11 मार्च 2026 को नई दिल्ली के नेहरू प्लेस स्थित होटल Eros में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान प्रदान किया गया। समारोह में देशभर के विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSU) को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
टनकपुर पावर स्टेशन की ओर से यह प्रतिष्ठित पुरस्कार स्टेशन प्रमुख ऋषि रंजन आर्य ने क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ के कार्यपालक निदेशक आदित्य गौतम की गरिमामयी उपस्थिति में ग्रहण किया। दरअसल, यह सम्मान ऊर्जा प्रबंधन के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन, आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग और भारत को डिजिटल राष्ट्र बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के लिए दिया गया है। टनकपुर पावर स्टेशन की इस उपलब्धि को वहां कार्यरत पूरी टीम की मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यशैली का परिणाम माना जा रहा है। इस सम्मान से न केवल पावर स्टेशन बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है। पावर स्टेशन प्रबंधन ने इस उपलब्धि का श्रेय पूरी टीम को देते हुए कहा कि भविष्य में भी ऊर्जा क्षेत्र में बेहतर प्रबंधन और तकनीकी नवाचार के जरिए उत्कृष्ट कार्य जारी रखा जाएगा।

