बड़ी खबर – बनबसा में नशे पर चम्पावत पुलिस का बड़ा प्रहार, 1200 प्रतिबंधित कैप्सूल के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट मे मुकदमा दर्ज कर भेजा जेल, पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने मे जुटी।
➡️ ड्रग फ्री देवभूमि अभियान के तहत चम्पावत पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी, नेपाल बॉर्डर तक पहुंचनी थी खेप.

बनबसा (चम्पावत)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” संकल्प को साकार करने के लिए चम्पावत पुलिस लगातार नशा तस्करों पर शिकंजा कस रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर एसओजी और बनबसा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 1200 प्रतिबंधित नशे के कैप्सूल के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
शनिवार को क्षेत्राधिकारी टनकपुर के पर्यवेक्षण में एसओजी टीम एवं बनबसा पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान स्ट्रांग फार्म बनबसा के पास दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस को उनके पास से पांच बॉक्स में कुल 1200 “पायवोक्सी स्पास प्लस” नामक प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में कामिल अंसारी पुत्र मोहम्मद अशरफ अंसारी निवासी इस्लामनगर खटीमा तथा वसीम अंसारी उर्फ लल्ला पुत्र लल्लन अंसारी शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन तथा नगदी भी बरामद की गई।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे यह नशे के कैप्सूल उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित नवाबगंज क्षेत्र से खरीदकर लाए थे और नेपाल बॉर्डर बनबसा में किसी व्यक्ति को सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बनबसा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद कैप्सूल में ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड युक्त नशीला पदार्थ पाया गया है, जिसका प्रयोग युवाओं में नशे के रूप में किया जाता है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस की संयुक्त टीम मे थानाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह कोरंगा, प्रभारी एसओजी कमलेश भट्ट, उप निरीक्षक देवेन्द्र सिंह बिष्ट, एसओजी से अपर उप निरीक्षक गणेश बिष्ट, हेका. मतलूब खान, तपेंद्र जोशी, का. उमेश राज, नासिर हुसैन और का. ललित चौधरी मौजूद रहे।

