बड़ी खबर – नाबालिग से दुष्कर्म एवं पॉक्सो मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, नेपाल भागने की फिराक में थे आरोपी, पुलिस ने दबोचा, मामला दर्ज कर भेजा जेल।
टनकपुर/बनबसा/ चम्पावत। जनपद चम्पावत के बनबसा क्षेत्र में नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। मामला तब उजागर हुआ जब पीड़िता के गर्भवती होने तथा प्रसव के दौरान नवजात की मृत्यु होने की जानकारी सामने आई।
थानाध्यक्ष बनबसा सुरेन्द्र सिंह कोरंगा ने बताया कि थाना बनबसा में दर्ज एफआईआर संख्या 46/2026 के तहत पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी नेपाल भागने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने सोमवार सुबह लगभग 07:50 बजे भारत-नेपाल सीमा के निकट शारदा नहर (एनएचपीसी क्षेत्र) के पास कैनाल गेट से नेपाल रोड पर करीब 200 मीटर आगे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी अरमान (19 वर्ष) निवासी रेलवे कॉलोनी, गफूर बस्ती टनकपुर, उसका रिश्तेदार रईसुद्दीन (29 वर्ष), तथा परिवार की दो महिला सदस्य हिना (38 वर्ष) और अफरोजा (60 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों को मामले की जानकारी हो चुकी थी और वे गिरफ्तारी से बचने के लिए नेपाल की ओर जाने का प्रयास कर रहे थे।
मुख्य आरोपी अरमान के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5), 88, 64, 91, 238(ख) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 5(j)(ii) एवं 6 के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं अन्य गिरफ्तार आरोपियों पर धारा 3(5), 88, 91 एवं 238(ख) बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी की समस्त वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपियों को गिरफ्तारी मेमो एवं सूचना अधिकार की प्रति उपलब्ध कराई गई तथा आवश्यक हस्ताक्षर एवं अंगूठा निशान लिए गए।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रियंका मौर्या, कांस्टेबल धीरेंद्र सिंह बिष्ट, उमेश प्रसाद, पंकज सजवान, चंद्रा आर्या तथा चालक कांस्टेबल अनिल कुमार शामिल रहे। पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना जारी है तथा प्रकरण से जुड़े सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है। पीड़िता का उपचार चिकित्सकीय निगरानी में जारी है।

