मुहिम – जल संरक्षण को बनाएं अपनी आदत:- आज बचाया गया पानी ही संवारेगा आने वाली पीढ़ियों का सुरक्षित कल- जिलाधिकारी

चम्पावत। पूरे देश में 01 जून से 15 जून, 2026 तक ‘जल उत्सव सप्ताह’ बेहद उत्साह और संकल्प के साथ मनाया जा रहा है। इस विशेष सप्ताह का मुख्य उद्देश्य आम जनता को पानी की हर एक बूंद की कीमत समझाना और जल संरक्षण को उनके दैनिक जीवन का एक अनिवार्य हिस्सा बनाना है। पानी जीवन का आधार है, लेकिन लगातार घटते जलस्तर और बढ़ते जल संकट को देखते हुए समय है कि हम पानी की बर्बादी को रोकने के लिए ठोस कदम उठाएं।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से समाज के हर वर्ग को यह संदेश दिया जा रहा है कि आज हमारे द्वारा बचाया गया पानी ही हमारी आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और खुशहाल कल की नींव रखेगा। जल संरक्षण कोई एक दिन का काम नहीं है, बल्कि इसे हमें अपनी आदत में शुमार करना होगा। घर की रसोई से लेकर बड़े उद्योगों तक, हर जगह पानी का विवेकपूर्ण उपयोग समय की सबसे बड़ी मांग है।
‘जल उत्सव सप्ताह’ के दौरान विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए लोगों को वर्षा जल संचयन (रेन वॉटर हार्वेस्टिंग), पानी के पुनर्चक्रण और दैनिक कार्यों में पानी की बचत करने के आसान तरीकों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। सरकार और स्थानीय प्रशासन नागरिकों से अपील कर रहे हैं कि वे इस मुहिम में सक्रिय रूप से शामिल हों। इस जल उत्सव सप्ताह में हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि न तो खुद पानी बर्बाद करेंगे और न ही दूसरों को करने देंगे, क्योंकि जल है तो कल है।

