अभियान – टनकपुर में एआरटीओ का विशेष अभियान, यात्रियों से लिया फीडबैक, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई।
टनकपुर (चम्पावत)। यात्रियों को बेहतर एवं पारदर्शी परिवहन सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) टनकपुर मनोज बगोरिया द्वारा शनिवार को टैक्सी एवं मैक्सी कैब वाहनों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान वाहनों में निर्धारित किराया सूची चस्पा होने, अधिक किराया वसूली तथा यात्रियों के साथ चालक-परिचालकों के व्यवहार की गहन जांच की गई।
चेकिंग के दौरान एआरटीओ ने स्वयं यात्रियों से संवाद कर किराये, यात्रा व्यवस्था तथा चालक-परिचालकों के व्यवहार के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। निरीक्षण के दौरान जिन वाहनों में किराया सूची प्रदर्शित नहीं पाई गई अथवा अन्य नियमों का उल्लंघन मिला, उनके विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।
एआरटीओ मनोज बगोरिया ने स्पष्ट कहा कि परिवहन विभाग द्वारा निर्धारित किराये से अधिक वसूली किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी वाहन संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने वाहनों में किराया सूची स्पष्ट रूप से चस्पा करें तथा यात्रियों के साथ शिष्ट, सौहार्दपूर्ण एवं जिम्मेदार व्यवहार सुनिश्चित करें।
उन्होंने यात्रियों से भी अपील की कि यदि कोई वाहन चालक निर्धारित किराये से अधिक राशि वसूलता है या किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न करता है, तो इसकी सूचना तत्काल परिवहन विभाग अथवा पुलिस विभाग को दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
अभियान में परिवहन उपनिरीक्षक आनंद सिंह बिष्ट एवं परिवहन आरक्षी सोनिया नेगी भी उपस्थित रहे। परिवहन विभाग ने संकेत दिए हैं कि यात्रियों के हितों की सुरक्षा एवं नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

