टनकपुर में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, पार्टी की जीत पर सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब. ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और मिष्ठान वितरण के साथ मनाया ऐतिहासिक विजय उत्सव।
टनकपुर (चम्पावत)। भारतीय जनता पार्टी की जीत ने टनकपुर में उत्सव का माहौल बना दिया। जीत की घोषणा होते ही भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और पूरे शहर में भव्य विजय जुलूस निकालकर अपनी खुशी का इजहार किया। हाथों में पार्टी के झंडे और दिलों में जोश लिए कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते हुए मुख्य बाजारों से जुलूस निकाला। वहीं कार्यकर्ताओं ने मिष्ठान वितरण कर एक-दूसरे को बधाई दी।
जुलूस में शामिल पार्टी नेताओं ने इसे “जनता के विश्वास की जीत” बताते हुए कहा कि यह विजय विकास, सुशासन और जनहित की नीतियों पर जनता की मुहर है। पूरे आयोजन के दौरान शहर “भारत माता की जय” और पार्टी के नारों से गूंजता रहा। विजय जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और देर शाम तक जश्न का माहौल बना रहा।
इस दौरान शिवराज सिंह कठायत, हेमा जोशी, रोहताश अग्रवाल, पूरन मेहरा, तुलसी कुंवर, सौरभ गुप्ता, विद्या जुकरिया, नीलम कश्यप, बबीता गोस्वामी, जानकी, कोमल गिरी, राजेंद्र अधिकारी, हिमांशु विष्ट, हरीश जोशी, कुंअर भंडारी, कुमुद जोशी, हरीश कलोनी सहित तमाम भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

