एनएचपीसी बनबसा में विकास, स्वास्थ्य और जनसरोकारों पर मंथन, एचओडी ऋषि रंजन आर्य की अध्यक्षता में पत्रकारों, व्यापारियों व अधिकारियों की गोष्ठी सम्पन्न, मीडियाकर्मियों एवं व्यापारिक संगठन पदाधिकारियों का हुआ सम्मान।

बनबसा (चम्पावत)। एनएचपीसी के टनकपुर पावर स्टेशन बनबसा स्थित गंगा सदन में शुक्रवार की देर शाम एक भव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पावर स्टेशन प्रमुख ऋषि रंजन आर्य ने की, जबकि संचालन व्यापारी नेता अभिषेक गोयल द्वारा किया गया। गोष्ठी में क्षेत्र के पत्रकारों, व्यापारिक संगठन के पदाधिकारियों तथा विभागीय अधिकारियों ने प्रतिभाग कर विभिन्न जनहित और विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से मंथन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पावर स्टेशन प्रमुख ऋषि रंजन आर्य ने कहा कि एनएचपीसी केवल विद्युत उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्रीय विकास और सामाजिक सरोकारों को भी प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने बताया कि टनकपुर पावर स्टेशन द्वारा रिकॉर्ड विद्युत उत्पादन के साथ-साथ स्थानीय जनता के हित में कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि देश के प्रतिष्ठित अस्पतालों — मैक्स, अपोलो, मेदांता आदि के विशेषज्ञ चिकित्सकों को बुलाकर समय-समय पर निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे सीमांत क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं।

शिक्षा के क्षेत्र में एनएचपीसी द्वारा किए जा रहे प्रयासों को भी उन्होंने विस्तार से साझा किया। साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु स्वरोजगार के विभिन्न अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का सम्मान संस्था की प्राथमिकता है, जो वह स्वयं भी करते आ रहे है और ये सभी का दायित्व भी है। इसके अलावा समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर विकास की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

गोष्ठी में किसानों के हितों को लेकर भी चर्चा हुई। इस दौरान विशेषज्ञों की देखरेख में कृषकों के लिए विशेष शिविर आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया, ताकि आधुनिक कृषि तकनीकों और योजनाओं की जानकारी सीधे किसानों तक पहुंच सके। क्षेत्रीय जनसुविधाओं को लेकर पावर स्टेशन प्रमुख ने भरोसा दिलाया कि जनता की सुविधा के लिए एम्बुलेंस उपलब्ध कराने संबंधी प्रस्ताव उच्च स्तर पर भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि एनएचपीसी द्वारा नेपाल को बिजली एवं पानी उपलब्ध कराने के साथ-साथ उत्तराखंड को भी मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के पत्रकारों और व्यापारिक संगठन के पदाधिकारियों को सम्मानित भी किया गया। गोष्ठी का माहौल सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक रहा, जहां विकास, जनसुविधाओं और सामाजिक सहभागिता को लेकर खुलकर चर्चा हुई।

गोष्ठी में विद्युत महाप्रबंधक मो जावेद अंसारी, वरिष्ठ प्रबंधक रत्नाकर पाण्डे, शंकर लाल वर्मा, भरत भंडारी, सत्यप्रकाश गोयल, संजय अग्रवाल, हेमेंद्र सिंह रावत के अलावा व्यापार मंडल के तमाम पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी और टनकपुर बनबसा के पत्रकार मौजूद रहे।

