शारदा कॉरिडोर निर्माण को लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ी, आवागमन बाधित होने की आशंका, पूर्व प्रधान सतीश पाण्डे ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेज उचित कार्यवाही की करी मांग।
टनकपुर। शारदा कॉरिडोर परियोजना के तहत ग्रामसभा ख्यालखेड़ा में निर्माणाधीन नहर किनारे बनाई जा रही सुरक्षा दीवार को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी चम्पावत को ज्ञापन सौंपकर अपनी चिंता व्यक्त की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य के दौरान सड़क और आवागमन के लिए पर्याप्त जगह नहीं छोड़ी गई तो दर्जनों परिवारों का रास्ता बंद हो जाएगा।
उपजिलाधिकारी टनकपुर के माध्यम से भेजे गए ज्ञापन में पूर्व प्रधान सतीश पाण्डेय व ग्रामीणों ने बताया कि थ्वालखेड़ा ग्रामसभा में गोचर, पनघट और रोखड़ की ओर जाने का मुख्य रास्ता नहर किनारे से होकर गुजरता है। वर्तमान में निर्माणाधीन सुरक्षा दीवार यदि बिना सड़क मार्ग छोड़े बना दी गई तो ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाएगा।
ग्रामीणों ने कहा कि गांव के कई परिवारों का दैनिक आवागमन इसी मार्ग से होता है। ऐसे में बिना वैकल्पिक रास्ते के सुरक्षा दीवार निर्माण किए जाने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूर्णागिरि मार्ग से कुन्दन सिंह के घर तक लगभग 600 मीटर क्षेत्र में पुरानी वायरक्रेट सुरक्षा दीवार और नई निर्माणाधीन सुरक्षा दीवार के बीच पर्याप्त जगह छोड़ी जाए, ताकि भविष्य में सड़क निर्माण भी संभव हो सके।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य इस प्रकार कराया जाए जिससे गांव के लोगों का आवागमन प्रभावित न हो और भविष्य में सड़क सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। ज्ञापन पर ग्रामसभा थ्वालखेड़ा के ग्रामीणों के हस्ताक्षर भी दर्ज हैं।

