हरिद्वार स्थित हरकी पैड़ी एवं गंगा घाटों पर कथित रूप से गैर हिन्दुओं के प्रवेश पर सरकार के रोक लगाने के निर्णय पर कांग्रेस ने जताई आपत्ति।
हरिद्वार / चम्पावत। आगामी अर्द्धकुम्भ में सरकार की मंशा हरिद्वार के घाटों में गैर हिन्दुओ के प्रवेश पर रोक लगाने की जानकारी मिलने पर कांग्रेस ने आपत्ति जताई हैं। कांग्रेस ने इसे सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाला कदम बताया है। इस आशय की जानकारी कांग्रेस के प्रदेश सचिव आनन्द सिंह माहरा ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में दी हैं।
कांग्रेस प्रदेश सचिव आनन्द सिंह माहरा ने कहा उत्तराखंड कांग्रेस कमेंटी ने हरिद्वार स्थित हरकी पैड़ी एवं गंगा घाटों पर कथित रूप से अहिंदुओं के प्रवेश को लेकर सरकार द्वारा की जा रही तैयारियों पर गंभीर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बयान भी जारी किया हैं। प्रदेश अध्यक्ष के बयान का समर्थन करते हुए प्रदेश सचिव आनंद सिंह माहरा ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार ऐसे निर्णय ले रही है, जिनसे समाज में अनावश्यक विभाजन की स्थिति पैदा हो रही है। उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक परंपरा सर्वसमावेशी रही है और देश के अनेक तीर्थस्थलों पर सभी धर्मों के लोग आस्था और मर्यादा के साथ दर्शन-पूजन करते रहे हैं। कहीं भी इस प्रकार के प्रतिबंध समाज के हित में नहीं माने जा सकते। उन्होंने कहा कि आगामी अर्धकुंभ एवं विधान सभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा इस तरह के मुद्दों को उछालना राजनीतिक ध्रुवीकरण का प्रयास प्रतीत होता है। यह गंगा-जमुनी तहजीब और उत्तराखंड की सामाजिक एकता के विपरीत है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी धार्मिक आस्था का सम्मान करती है, लेकिन किसी भी कीमत पर समाज को बांटने की राजनीति का समर्थन नहीं कर सकती। कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों के साथ खड़ी है और ऐसे किसी भी निर्णय का शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी।

