मनरेगा पर प्रस्तावित बदलावों के विरोध में कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन, जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में गाँधी चौक में किया किया प्रदर्शन।
चम्पावत। भाजपा सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को निरस्त/कमजोर करने की दिशा में उठाए जा रहे सुनियोजित कदमों के विरोध में आज रविवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी, जनपद चम्पावत के नेतृत्व में चम्पावत स्थित गांधी मूर्ति चौराहे पर धरना-प्रदर्शन किया गया।
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मनरेगा जैसे जनहितकारी कानून को समाप्त कर ग्रामीण गरीबों, श्रमिकों और बेरोजगारों के अधिकारों पर कुठाराघात कर रही है। वक्ताओं ने कहा कि मनरेगा ने ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, पलायन रोकने और आर्थिक सुरक्षा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिसे कमजोर करना सीधे तौर पर श्रमिकों के सम्मान का अपमान है।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि जब-जब भारतीय जनता पार्टी महापुरुषों और मनरेगा श्रमिकों के सम्मान पर हमला करेगी, तब-तब कांग्रेस सड़कों पर उतरकर विरोध करेगी। साथ ही चेतावनी दी गई कि जब तक भाजपा सरकार द्वारा vB-GRAM-G विधेयक वापस नहीं लिया जाता और मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में पूरी तरह बहाल नहीं किया जाता, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान “मनरेगा बचाओ”, “श्रमिकों के अधिकार बचाओ” और “संविधान बचाओ” के अलावा भाजपा विरोधी नारों के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के फैसले के खिलाफ एकजुट होकर आवाज बुलंद की।


