नगर पालिका में विकास की फाइलें फांक रहीं हैं धूल, जनता परेशान… अब सभासदो ने मैदान मे उतरने का किया ऐलान, पालिका के ईओ व सीएम कैम्प कार्यालय मे सौपा दस सूत्रीय मांग पत्र।

खबर शेयर करें -

नगर पालिका में विकास की फाइलें फांक रहीं हैं धूल, जनता परेशान… अब सभासदो ने मैदान मे उतरने का किया ऐलान, पालिका के ईओ व सीएम कैम्प कार्यालय मे सौपा दस सूत्रीय मांग पत्र।

टनकपुर (चम्पावत)। नगर पालिका परिषद टनकपुर में विकास कार्यों की रफ्तार इन दिनों “कागजों में तेज और जमीन पर सुस्त” नजर आ रही है। हालात ऐसे हैं कि अब विपक्ष नहीं, बल्कि खुद पालिका के सभासद ही अपनी ही परिषद की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहे हैं। पालिका के 11 में से 9 सभासदों ने संयुक्त रूप से अधिशाषी अधिकारी को 10 सूत्रीय मांग पत्र सौंपते हुए चेतावनी दी है कि यदि 02 जुलाई तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा।

सभासदों का आरोप है कि भीषण गर्मी बीत गई, लेकिन शहर में पानी के कूलर नहीं लग पाए। सफाई व्यवस्था का ठेका आज तक अधर में लटका हुआ है, जबकि अधिकांश पालिका कर्मियों के कार्य अवधि में नदारद रहने की शिकायतें आम हो चुकी हैं। मच्छरों और डेंगू का खतरा बढ़ रहा है, लेकिन कीटनाशकों का छिड़काव मानो फाइलों में ही घूम रहा है।

इतना ही नहीं, 40 नई ठेलियां खरीदने का प्रस्ताव भी ठंडे बस्ते में है और एक ही ठेली से पांच-पांच कर्मचारियों के काम चलाने की नौबत बताई जा रही है। 200 स्ट्रीट पोल लगाने और 50 बैच खरीदने जैसे प्रस्ताव भी धूल फांक रहे हैं।

सभासदों ने यह भी आरोप लगाया कि बोर्ड की नियमित बैठकें नहीं हो रही हैं, और जिन प्रस्तावों पर बोर्ड की मुहर लग चुकी है, उनकी प्रगति की जानकारी तक संबंधित सभासदों को नहीं दी जाती। उनका कहना है कि कई निर्माण कार्य केवल फोटो खिंचवाने तक सीमित रह गए हैं।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों को ही अपनी आवाज बुलंद करने के लिए मांग पत्र और आंदोलन का सहारा लेना पड़ रहा है, तो आम जनता की समस्याओं का समाधान आखिर किसके भरोसे होगा? फिलहाल अब निगाहें 02 जुलाई पर टिकी हैं। यदि तब तक पालिका प्रशासन नहीं चेता तो नगर पालिका के गलियारों में आंदोलन की गूंज सुनाई देना तय माना जा रहा है। गुस्साये सभासदों ने ज्ञापन की प्रतिलिपि सूबे के मुख्यमंत्री, शहरी विकास देहरादून और जिला अधिकारी चम्पावत को भी प्रेषित की हैं।

ज्ञापन मे सभासद हसीब अहमद, सविता बिष्ट, वकील अंसारी, बबीता वर्मा, चर्चित शर्मा, शैलेन्द्र सिंह, दिलदार अली, सब्या बाल्मीकि और वर्षा शर्मा के हस्ताक्षर हैं।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page