तहसील दिवस में डीएम मनीष कुमार का सख्त संदेश: “जनसमस्याओं पर तुरंत एक्शन, लापरवाही बर्दाश्त नहीं”।

खबर शेयर करें -

तहसील दिवस में डीएम मनीष कुमार का सख्त संदेश: “जनसमस्याओं पर तुरंत एक्शन, लापरवाही बर्दाश्त नहीं”।

टनकपुर (चम्पावत)। सीमांत जनपद चम्पावत के लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से तहसील श्री पूर्णागिरि (टनकपुर) में आयोजित तहसील दिवस इस बार पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया। जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में दूर-दराज़ क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और मौके पर ही निस्तारण की दिशा में ठोस कदम उठाए गए।

तहसील दिवस में लगभग 100 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर राहत प्रदान की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान भजनपुर निवासी सरस्वती चंद द्वारा क्षेत्र में खतरा बने पेड़ों की शिकायत उठाई गई। इस पर डीएम ने वन विभाग और वन निगम को तत्काल कार्रवाई करते हुए जनपद के सभी जोखिमपूर्ण पेड़ों की पहचान कर नियमानुसार शीघ्र कटान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

नौलापानी की मीना देवी द्वारा गैस आपूर्ति वाहन की समस्या उठाने पर जिला पूर्ति अधिकारी को व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए, वहीं छीनीगोठ निवासी इंद्र देव विश्वकर्मा की पुलिया निर्माण की मांग पर खंड विकास अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूर्ण करने के आदेश दिए गए।

पुरस्कार धनराशि लंबित होने की शिकायत पर डीएम ने पर्यटन विभाग को सख्त निर्देश देते हुए दो दिनों के भीतर पात्र लाभार्थियों को भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। वहीं बंदरों के आतंक से परेशान ग्रामीणों की समस्या पर वन विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

टनकपुर वार्ड-3 के दिलदार अली द्वारा नालियों की सफाई और दूषित पेयजल की शिकायत को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका को शहरभर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, झाड़ियों की कटाई और शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पेयजल गुणवत्ता को लेकर डीएम की संवेदनशीलता भी देखने को मिली। शिकायत मिलते ही मौके पर पटवारी को भेजकर पानी की जांच कराई गई, जिसमें पानी मानकों के अनुरूप पाया गया। इसके बावजूद शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करने के लिए जल संस्थान से घर से नमूना मंगवाकर दोबारा जांच कराई गई। रिपोर्ट सही आने पर भी एहतियातन नियमित जल परीक्षण के निर्देश दिए गए।

सिलाड़ निवासी किरन देवी की सोलर लाइट की मांग पर उरेडा को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अलावा आयुष्मान कार्ड सीमा वृद्धि, बिजली समस्या, गृहकर नामांतरण और संपर्क मार्ग सुधार जैसे मामलों को भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।

तहसील दिवस में उपजिलाधिकारी विपिन पंत, जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

तहसील दिवस ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि प्रशासन अब सिर्फ सुनने तक सीमित नहीं, बल्कि समाधान के लिए मौके पर ही निर्णायक कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page