टनकपुर (चम्पावत)। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न शैक्षिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को डॉ. भीमराव अम्बेडकर के प्रेरणादायक जीवन परिचय तथा भारतीय संविधान के निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही छात्राओं को समानता, शिक्षा एवं सामाजिक न्याय के उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय की वार्डन प्रेमा ठाकुर के नेतृत्व में समस्त स्टाफ एवं छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। छात्राओं द्वारा भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।कार्यक्रम को सफल बनाने में मनो तिवारी, संजू चंद, रेनू बल्दिया, आस्था, संगीता सिंह, ललिता, आनंदी सिंह एवं सोनिया का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायक वातावरण में हुआ, जिसमें सभी ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

