टनकपुर के गाँधी मैदान में धूमधाम से मनाया गया दशहरा महोत्सव, भव्य आतिशबाजी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रावण परिवार के पुतलों के दहन ने मोह लिया मन।

खबर शेयर करें -

टनकपुर के गाँधी मैदान में धूमधाम से मनाया गया दशहरा महोत्सव, भव्य आतिशबाजी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रावण परिवार के पुतलों के दहन ने मोह लिया मन।

➡️ मैराथन, श्रीमद्भागवत कथा, चिकित्सा शिविर और डांस कॉम्पटीशन रहे महोत्सव के आकर्षण का केंद्र.

➡️ पर्यावरण संरक्षण पर भी रामलीला कमेटी का रहा फोकस, पर्यावरण समिति की अध्यक्ष दीपा देवी को बेहतरीन कार्य करने पर किया गया सम्मानित.

➡️ नशा मुक्ति अभियान के तहत नशे के पुतले का भी किया गया दहन, पुतला रहा आकर्षण का केंद्र.

➡️ दानदाताओं, सहयोगकर्ताओं, कमेटी के पदाधिकारियों, मीडिया कर्मियों के अलावा अनेक लोगो को किया गया सम्मानित.

टनकपुर (चम्पावत)। टनकपुर में इस वर्ष दशहरा पर्व उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। नव युवक रामलीला कमेटी के तत्वावधान में दस दिवसीय दशहरा महोत्सव का आयोजन किया गया, जो गुरुवार को विजयादशमी के अवसर पर रावण दहन के साथ संपन्न हुआ। दशहरा महोत्सव इस बार केवल धार्मिक आयोजन नहीं रहा, बल्कि समाज के हर वर्ग को जोड़ने वाला एक समग्र उत्सव बना। जिसमें आस्था, संस्कृति, स्वास्थ्य और खेल का सुंदर संगम देखने को मिला। दस दिनों तक चले रामलीला मंचन में कलाकारों ने भगवान श्रीराम के जीवन की लीलाओं का जीवंत चित्रण किया। समापन दिवस पर रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के विशाल पुतलों के अलावा नशे के पुतले का भी दहन किया गया। जैसे ही भगवान श्रीराम ने रावण पर बाण चलाया, आसमान भव्य आतिशबाजी की चमक से जगमगा उठा। पूरनपुर की विशेष आतिशबाजी टीम, झूले, खेल और स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल्स ने मेले में आए लोगों को खूब लुभाया। बच्चे जहां हवाई झूलों में मस्ती करते दिखे, वहीं बड़ों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और लोकगीत प्रस्तुतियों का आनंद लिया। एसडीएम ने कहा कि दशहरा पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। भगवान श्रीराम ने धर्म की स्थापना के लिए असत्य पर विजय पाई। हमें भी उनके आदर्शों पर चलकर समाज में सद्भाव और सत्य का संदेश फैलाना चाहिए।

कमेटी अध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने सफल आयोजन के लिए सभी पदाधिकारियों और नगरवासियों का आभार जताया। उन्होंने बताया कि महोत्सव का समापन शुक्रवार को लकी ड्रॉ और पुरस्कार वितरण के साथ किया जाएगा, जिसमें भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

इस अवसर पर अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, संस्थापक विशाल अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष नीरज सिंह, संजय पांडेय, प्रतिभा अग्रवाल, संरक्षक ओंकार सिंह, बोर्ड अध्यक्ष गौरव गुप्ता, सचिव मयंक पंत, उपाध्यक्ष संजय गर्ग, कोषाध्यक्ष अमित परवेज, सदस्य पूनम कोहली, गीता गुप्ता, सुषमा गुप्ता, दीप्ति सिंह, दीपक राय आदि की भूमिका सराहनीय रही।

बताते चले शुक्रवार को होने वाले लकी ड्रॉ और पुरस्कार वितरण समारोह में विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन के दौरान स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी और उत्सव का समापन सांस्कृतिक संध्या से होगा।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page