अनोखे अंदाज में दी विदाई – माँ पूर्णागिरी पर्यावरण संरक्षण समिति अध्यक्ष दीपा देवी के मार्गदर्शन में नव वर्ष की पूर्व संध्या पर ईको ब्रिक्स बनाकर अनोखे अंदाज में मनाया गया थर्टी फर्स्ट।
टनकपुर (चम्पावत)। नव वर्ष की पूर्व संध्या पर माँ पूर्णागिरी पर्यावरण संरक्षण समिति द्वारा ग्राम पंचायत गेंडाखाली नं 01 में थर्टी फर्स्ट को पारंपरिक उत्सवों से हटकर एक अनोखे एवं पर्यावरण मित्र अंदाज में मनाया गया। समिति की अध्यक्ष दीपा देवी के मार्गदर्शन में समिति की महिलाओं ने मिलकर ईको ब्रिक्स बनाकर पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान प्लास्टिक कचरे से होने वाले दुष्प्रभावों पर चर्चा की गई तथा ईको ब्रिक्स के माध्यम से कचरे के पुनः उपयोग की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को यह समझाया गया कि प्लास्टिक कचरे को ईको ब्रिक्स में बदलकर पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने नव वर्ष में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त गांव और हरित भविष्य के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। समिति अध्यक्ष दीपा देवी ने कहा कि “नया साल खुशियों के साथ-साथ प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी है।” समिति की इस सराहनीय पहल की ग्रामीणों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
इसा दौरान गोदावरी देवी ,कविता कोहली, बबली देवी, इशा चंद्र, माधुरी, शीतल देवी, कलावती देवी ,पुष्पा देवी, गीता देवी, अनीता देवी, सरिता देवी, चीनू आदि मौजूद रहे।



