हिमवीरों ने दिखाया सेवा का जज्बा, स्वच्छता अभियान से ऋषेश्वर महादेव मंदिर और लोहावती नदी क्षेत्र को चमकाया,आईटीबीपी की 36वीं वाहिनी के जवानों का सामूहिक श्रमदान कमांडेंट संजय कुमार के निर्देशन में चला अभियान।
➡️नगर पालिका अध्यक्ष गोविन्द वर्मा ने जताया आभार।
लोहाघाट। स्वच्छता के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए आईटीबीपी की 36वीं वाहिनी के हिमवीरों ने रविवार को नगर क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाकर एक सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया। इस अभियान के तहत जवानों ने लोहावती नदी के किनारों के साथ-साथ नगर के प्रमुख धार्मिक स्थल ऋषेश्वर महादेव मंदिर परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया और पूरे क्षेत्र को स्वच्छ व आकर्षक बना दिया।
आईटीबीपी के कमांडेंट संजय कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे इस स्वच्छता अभियान का उद्देश्य न केवल सार्वजनिक स्थलों की सफाई करना है, बल्कि लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना भी है। इसी कड़ी में इंस्पेक्टर गोपाल वर्मा के नेतृत्व में लगभग तीन दर्जन हिमवीरों ने सामूहिक श्रमदान करते हुए मंदिर परिसर, आसपास के रास्तों और लोहावती नदी तट पर फैली गंदगी को साफ किया। जवानों की इस पहल से कुछ ही घंटों में पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदल गई और मंदिर परिसर पहले से अधिक स्वच्छ और व्यवस्थित नजर आने लगा।
इस स्वच्छता अभियान में नगर पालिका के पर्यावरण मित्रों के साथ-साथ नगर पालिका अध्यक्ष सहित अन्य स्थानीय लोग भी शामिल हुए और हिमवीरों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सफाई कार्य में सहयोग किया। इस दौरान मंदिर परिसर और नदी तट से बड़ी मात्रा में कचरा एकत्र कर उसका उचित निस्तारण किया गया।
अभियान में सहायक उपनिरीक्षक केवलानंद जोशी, मदन सिंह राणा और सांभवी मुरारी सहित कई हिमवीरों ने सक्रिय भूमिका निभाई और श्रमदान के माध्यम से समाज को स्वच्छता का संदेश दिया।
नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने आईटीबीपी के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि हिमवीर केवल देश की सीमाओं की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी भी बखूबी निभाते हैं। उन्होंने आईटीबीपी के कमांडेंट संजय कुमार और सभी जवानों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय-समय पर आईटीबीपी नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में जनहित के कार्यों में सहयोग कर लोगों के लिए प्रेरणा का कार्य कर रही है।

