टनकपुर में होली मिलन समारोह:- पत्रकारों और प्रशासन ने मिलकर विकास को नई गति देने का लिया संकल्प, मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय बना इस आयोजन का साक्षी।

टनकपुर (चम्पावत)। टनकपुर में मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय के सहयोग से आयोजित होली मिलन कार्यक्रम आपसी सौहार्द, समरसता और सकारात्मक संवाद का प्रतीक बन गया। उत्सव गार्डन में आयोजित इस भव्य समारोह में जिलेभर के पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए रंगों के इस पर्व को एकता और सहयोग के संदेश के साथ मनाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार एवं मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल उपस्थित रहे। जिला सूचनाधिकारी धीरज कार्की ने अतिथियों का स्वागत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सीएम कैम्प कार्यालय के अधिकारियो ने जिले के सभी पत्रकारों का माल्यार्पण एवं उत्तराखण्डी टोपी पहनाकर सम्मान किया, जिससे पूरे आयोजन में आत्मीयता का वातावरण बन गया।
विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार समाज और शासन-प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। वे न केवल जनता की आवाज बनते हैं, बल्कि विकास कार्यों को गति देने में सेतु की भूमिका भी निभाते हैं। उन्होंने जिले के पत्रकारों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सक्रिय और सकारात्मक भूमिका से चम्पावत निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। उन्होंने मुख्यमंत्री की ‘आदर्श चम्पावत’ परिकल्पना को साकार करने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल ने कहा कि जिले के पत्रकारों ने अपनी सशक्त लेखनी के माध्यम से विकास कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने में अहम योगदान दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी पत्रकार इसी तरह रचनात्मक सहयोग प्रदान करते रहेंगे। चम्पावत पत्रकार संगठन के अध्यक्ष चन्द्र बल्लभ ओली ने होली मिलन कार्यक्रम के आयोजन के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन आपसी समन्वय और समरसता को सुदृढ़ करते हैं। पत्रकारों की सक्रिय सहभागिता से चम्पावत निश्चित ही नई बुलंदियों को छुएगा। उन्होंने कैम्प कार्यालय और जिला प्रशासन सहित सभी सहयोगियों के प्रति कृतज्ञता प्रकट की।कार्यक्रम का संचालन संगठन महामंत्री गिरीश सिंह बिष्ट ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री एवं कैम्प कार्यालय के सहयोगियों का आभार जताया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के सामूहिक आयोजनों के माध्यम से संवाद का मंच साझा करने की आवश्यकता पर बल दिया।
समारोह में वरिष्ठ महिला पत्रकार जया पुनेठा, दिनेश भट्ट, विनोद चतुर्वेदी, देवेंद्र देवा, बाबूलाल यादव, सुरेश उप्रेती, दीपक फुलेरा, पंकज पाठक, दीपक धामी, दिनेश खर्कवाल, अर्जुन सिंह, शुभम गौड़, सूरी पंत, मोहन जोशी, नवी अंसारी, कुंदन बिष्ट, जीवन बिष्ट, रविन्द्र धामी, अमित जोशी, रूपेश प्रजापति, सुरेश गडकोटी, नवीन भट्ट, राजीव गुप्ता, विनोद पाल, मयंक पंत, नवनीत, राहुल गहतोड़ी, पूजा भट्ट सहित अनेक पत्रकार एवं कैम्प कार्यालय के ब्रजेश जोशी, शशांक पांडे सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। मंच संचालन सतीश जोशी ‘सत्तू’ एवं कैम्प कार्यालय के जीवन सिंह नेगी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
बताते चले होली के रंगों के बीच आयोजित इस कार्यक्रम ने पत्रकारों और प्रशासन के बीच समन्वय को और अधिक सुदृढ़ करने का संदेश दिया। सहभागी पत्रकारों ने भी विकास कार्यों में रचनात्मक सहयोग देने और जिले को नई दिशा प्रदान करने का संकल्प लिया।

