तहसील दिवस में जिलाधिकारी मनीष कुमार की मानवीय पहल, गंभीर मरीज को मिली बड़ी राहत, ऋषिकेश एम्स में भर्ती मरीज के आयुष्मान कार्ड की लिमिट बढ़ाकर कराया तत्काल उपचार सुनिश्चित।
टनकपुर (चम्पावत)। जनसुनवाई के मंच तहसील दिवस में एक बार फिर प्रशासन की संवेदनशीलता और तत्परता देखने को मिली। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर ऋषिकेश एम्स में भर्ती गंभीर मरीज कृष्ण कुमार के आयुष्मान कार्ड की लिमिट बढ़ाने की समस्या का तत्काल समाधान कर दिया गया, जिससे उनके उपचार में आ रही आर्थिक बाधा दूर हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मरीज 01 मई 2026 से एम्स ऋषिकेश में न्यूरोमस्कुलर डिजीज के तहत भर्ती हैं, जहां उनका इलाज महंगे पैकेज के अंतर्गत चल रहा है। आयुष्मान योजना के तहत मिलने वाली वार्षिक ₹5 लाख की सीमा में से बड़ी राशि खर्च हो चुकी थी, जिसके चलते आगे के इलाज में कठिनाई उत्पन्न हो रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों द्वारा तत्काल संज्ञान लिया गया। आयुष्मान विभाग और आरोग्य मित्र के समन्वय से मरीज के कार्ड में उपलब्ध शेष राशि, एडवांस इन्वेंट्री और आगे की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए इलाज निर्बाध रूप से जारी रखने का रास्ता साफ किया गया।
बताया गया कि मरीज को पूर्व में 5 दिनों की एडवांस इन्वेंट्री का लाभ भी दिया गया था और अब पुनः अगले चरण की व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है, जिससे उपचार में कोई रुकावट न आए। विभाग द्वारा मरीज के परिजनों को पूरी जानकारी देते हुए उन्हें आश्वस्त किया गया।
इस त्वरित और मानवीय पहल से मरीज के परिजनों ने जिलाधिकारी मनीष कुमार और प्रशासन का आभार जताया है। तहसील दिवस में इस तरह के संवेदनशील निर्णय प्रशासन की जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

