अंतर स्टेडियम फुटबॉल लीग 2026 में टनकपुर स्पोर्टिंग शीर्ष पर, फाइनल की दौड़ हुई रोमांचक।
टनकपुर। ओलंपिक दिवस के अवसर पर आयोजित अंतर स्टेडियम अंडर-16 फुटबॉल लीग 2026 में युवा खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। प्रतियोगिता में चार टीमें—टनकपुर स्पोर्टिंग, टनकपुर वारियर्स, कुमाऊँ स्ट्राइकर और टनकपुर लायन्स प्रतिभाग कर रही हैं। लीग का आयोजन डबल लीग प्रणाली के तहत किया जा रहा है, जिसमें प्रत्येक टीम कुल छह मुकाबले खेलेगी। लीग चरण समाप्त होने के बाद शीर्ष दो टीमें फाइनल में आमने-सामने होंगी। अब तक के मुकाबलों में टनकपुर स्पोर्टिंग ने चार मैच खेले हैं, जिनमें तीन में जीत और एक मैच ड्रॉ रहा। टीम का गोल अंतर +5 है तथा 10 अंकों के साथ वह अंक तालिका में पहले स्थान पर बनी हुई है।
टनकपुर वारियर्स ने पांच मैचों में दो जीत, दो हार और एक ड्रॉ के साथ 7 अंक अर्जित किए हैं। टीम का गोल अंतर +4 है और वह दूसरे स्थान पर है।कुमाऊँ स्ट्राइकर ने चार मुकाबलों में एक जीत, एक हार और दो ड्रॉ के साथ 5 अंक जुटाए हैं। टीम का गोल अंतर -1 है तथा वह तीसरे स्थान पर बनी हुई है। वहीं टनकपुर लायन्स की टीम अभी तक जीत का खाता नहीं खोल सकी है। पांच मैचों में तीन हार और दो ड्रॉ के साथ उसके 2 अंक हैं तथा गोल अंतर -7 है। लीग के शेष मुकाबले बेहद महत्वपूर्ण होंगे, क्योंकि इन्हीं के आधार पर फाइनल में पहुंचने वाली दो टीमों का फैसला होगा।

