पुलिस की संयुक्त टीम ने यूपी के टायर चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर चोरी के टायर सहित दो अभियुक्तों को किया गिरफ्तार, आपरेशन प्रहार के तहत पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड़ पर।
बनबसा (चम्पावत)। जनपद में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार’ के तहत चम्पावत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बनबसा पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने कारों के टायर चोरी करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश किया हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 07 जुलाई को चन्दन सिंह रौतेला द्वारा थाना बनबसा में तहरीर देकर बताया गया कि उनके घर के बाहर खड़ी बलेनो एवं हुंडई अल्कजार कारों से 03 टायर रिम सहित चोरी कर लिए गए हैं। तहरीर के आधार पर थाना बनबसा में धारा 305(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष बनबसा सुरेन्द्र सिंह कोरंगा के नेतृत्व में थाना बनबसा एवं एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने जनपद ऊधमसिंहनगर तथा उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों का गहन विश्लेषण करते हुए लगातार सुरागरसी-पतारसी के अथक प्रयासों के फलस्वरूप दिनांक 12 जुलाई को पुलिस टीम ने 02 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर खटीमा बाईपास रोड के समीप झाड़ियों में छिपाए गए चोरी के 03 टायर रिम सहित बरामद किए।
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने अपने दो अन्य साथियों प्रदीप एवं सुभाष उर्फ भूरा के साथ मिलकर बनबसा क्षेत्र में कारों के टायर चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। दोनों फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त चिम्मन लाल के विरुद्ध उत्तर प्रदेश में पूर्व से 07 आपराधिक मुकदमे दर्ज होना भी प्रकाश में आया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2)/3(5) BNS की बढ़ोत्तरी की गई है। पुलिस ने चिम्मन लाल पुत्र मोतीराम, निवासी ग्राम चितोरा, थाना आलापुर, जनपद बदायूँ (उ.प्र.) व विवेश कुमार पुत्र मोतीराम, निवासी ग्राम चितोरा, थाना आलापुर, जनपद बदायूँ (उ.प्र.) को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। इसके अलावा प्रकाश मे आये प्रदीप पुत्र मोती राम एवं सुभाष उर्फ भूरा पुत्र दर्शन निवासी जिला बदायूँ उत्तर प्रदेश की तलाश की जा रही हैं।
पुलिस टीम मे थानाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह कोरंगा, प्रभारी एसओजी उ0नि0 कमलेश भट्ट, चौकी प्रभारी शारदा बैराज उ0नि0 नरेश सिंह मेहरा, उ0नि0 दिलवर सिंह भण्डारी, अ0उ0नि0 धीरेन्द्र सिंह बिष्ट, हे0कानि0 नईम कुरैशी, हे0कानि0 एजाज अहमद, हे0कानि0 संजय शर्मा, हे0कानि0 नासिर, हे0कानि0 सूरज सिंह, और कानि0 मदन सिंह मौजूद रहे।
।

