माँ पूर्णागिरि पर्यावरण संरक्षण समिति ने विश्व पर्यावरण दिवस पर किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प, प्राकृतिक संसाधनों के दोहन से बिगड़ रहा हैं पृथ्वी का संतुलन।

टनकपुर (चम्पावत)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर माँ पूर्णागिरि पर्यावरण संरक्षण समिति द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता को समर्पित एक गोष्ठी एवं पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम समिति की उपाध्यक्ष सुनीता सक्सेना की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ, जबकि संचालन समिति के सचिव बाबूलाल यादव ने किया।

गोष्ठी में उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली सामाजिक जिम्मेदारी है।

माँ पूर्णागिरि पर्यावरण संरक्षण समिति के सचिव बाबूलाल यादव ने कहा आज हम सभी एक ऐसे विषय पर एकत्रित हुए हैं, जो केवल प्रकृति का नहीं बल्कि मानव अस्तित्व का प्रश्न है। पर्यावरण हमारे जीवन का आधार है। स्वच्छ वायु, शुद्ध जल, हरियाली और जैव विविधता के बिना जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती।

दुर्भाग्य से आज बढ़ता प्रदूषण, प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग, अंधाधुंध वृक्षों की कटाई और प्राकृतिक संसाधनों का दोहन पृथ्वी के संतुलन को बिगाड़ रहा है। जलवायु परिवर्तन के प्रभाव अब हमारे सामने स्पष्ट दिखाई देने लगे हैं। असमय वर्षा, बढ़ता तापमान और प्राकृतिक आपदाएं हमें चेतावनी दे रही हैं कि अब समय केवल चर्चा का नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई का है। उन्होंने कहा पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या किसी संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिवर्ष एक पौधा लगाए, प्लास्टिक का उपयोग कम करे, जल संरक्षण को अपनाए और स्वच्छता के प्रति जागरूक बने, तो हम अपने पर्यावरण को बेहतर बना सकते हैं। कहा प्रकृति को केवल संसाधन नहीं, बल्कि अपनी धरोहर समझें। हमें आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ, हरा-भरा और सुरक्षित पर्यावरण सौंपना है।

कार्यक्रम के दौरान समिति के नगर एवं ग्रामीण इकाई के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सामूहिक रूप से पौधरोपण कर हरित एवं स्वच्छ वातावरण बनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया गया।

समिति पदाधिकारियों ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं। वृक्ष न केवल शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।

कार्यक्रम में सचिव बाबूलाल यादव, उपाध्यक्ष सुनीता सक्सेना, ज्योति देवी, मधु देवी, खीमा देवी ,आशा देवी, सुनीता देवी ,हीराकली, संतोष देवी, कोषाध्यक्ष श्याम सिंह ,पुष्पलता के अलावा समिति के नगर एवं ग्रामीण इकाई के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया।


