सार्थक पहल – जन-जन तक पहुंची सरकार, मौके पर सुलझीं समस्याएं, राइकोटमहर व मल्ला बापरू में 1300 से अधिक ग्रामीणों को मिला योजनाओं का सीधा लाभ।

खबर शेयर करें -

सार्थक पहल – जन-जन तक पहुंची सरकार, मौके पर सुलझीं समस्याएं, राइकोटमहर व मल्ला बापरू में 1300 से अधिक ग्रामीणों को मिला योजनाओं का सीधा लाभ।

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी पहल “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” ने चम्पावत जनपद के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। राइकोटमहर और मल्ला बापरू में आयोजित बहुउद्देश्यीय शिविरों में 1300 से अधिक नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्रदान किया गया। न्याय पंचायत कोलीढेक स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, राइकोटमहर में आयोजित शिविर की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकांश मामलों का मौके पर ही त्वरित निस्तारण किया। शिविर में 1021 ग्रामीणों की सहभागिता रही, जिनमें से 913 लोगों को विभिन्न विभागों के माध्यम से योजनाओं का लाभ मिला। राजस्व, पंचायती राज, चिकित्सा, आयुष, पशुपालन, आपदा, श्रम, डेयरी एवं अन्य विभागों ने एक ही मंच पर सेवाएं उपलब्ध कराईं। इसके साथ ही यूसीसी व आधार कार्ड से जुड़े मामलों पर भी त्वरित कार्यवाही की गई।

जिलाधिकारी ने पाटन, पाटनी एवं राइकोटमहर क्षेत्रों से प्राप्त पेयजल, सड़क, सोलर लाइट, विद्यालय उच्चीकरण एवं शौचालय संबंधी शिकायतों पर संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश देते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत मल्ला बापरू में आयोजित शिविर में 610 ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया। यहां 99 प्रमाण पत्र जारी किए गए तथा यूसीसी एवं आधार से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, उपजिलाधिकारी लोहाघाट नीतू डांगर सहित जिला स्तरीय अधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्रामीण अंचलों में प्रशासन की यह सक्रिय मौजूदगी और समस्याओं का मौके पर समाधान जिलाधिकारी मनीष कुमार के संवेदनशील एवं प्रभावी नेतृत्व को रेखांकित करता है, जिससे जनता में सरकार के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page