उत्तराखंड पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 20 आईपीएस/पीपीएस अधिकारियों के तबादले।
देहरादून। शुक्रवार को पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और प्रांतीय पुलिस सेवा (PPS) के कुल 20 अधिकारियों के स्थानांतरण एवं तैनाती आदेश जारी किए हैं।शासनादेश के तहत जारी इस सूची में राज्य के कई संवेदनशील जिलों और महत्वपूर्ण इकाइयों में नए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह फेरबदल कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा रणनीतिक इकाइयों को प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
एसडीआरएफ से लेकर जिलों तक बड़े बदलाव……..
शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार निवेदिता कुकरेती को पुलिस उपमहानिरीक्षक, एसडीआरएफ से पदोन्नत कर पुलिस महानिरीक्षक, एसडीआरएफ बनाया गया। प्रह्लाद नारायण मीणा को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सतर्कता मुख्यालय से स्थानांतरित कर पुलिस उपमहानिरीक्षक, सतर्कता मुख्यालय नियुक्त किया गया।यशवंत सिंह को सेनानायक, 31वीं वाहिनी पीएसी से प्रभारी सेनानायक, पीटीसी नरेंद्रनगर की जिम्मेदारी दी गई।
देहरादून-हरिद्वार में नेतृत्व परिवर्तन………
राज्य के प्रमुख जिलों में भी बड़े बदलाव किए गए हैं, प्रमेन्द्र डोबाल को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, हरिद्वार से हटाकर एसएसपी देहरादून नियुक्त किया गया। अजय सिंह को एसएसपी देहरादून से हटाकर एसएसपी एसटीएफ बनाया गया। नवनीत सिंह को एसएसपी एसटीएफ से स्थानांतरित कर एसएसपी हरिद्वार की कमान सौंपी गई।
चम्पावत, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग में बदलाव……..
अजय गणपति कुम्भार को एसपी चम्पावत से पदोन्नत कर एसएसपी ऊधमसिंहनगर बनाया गया। जबकि रेखा यादव को एसपी पिथौरागढ़ से स्थानांतरित कर एसपी चम्पावत नियुक्त किया गया। अक्षय प्रहलाद कोण्डे को एसपी रुद्रप्रयाग से एसपी पिथौरागढ़ भेजा गया। निहारिका तोमर को ऊधमसिंहनगर से स्थानांतरित कर एसपी रुद्रप्रयाग बनाया गया।
अल्मोड़ा, बागेश्वर, कोटद्वार में भी फेरबदल……..
चन्द्रशेखर आर. घोडके को एसपी बागेश्वर से एसएसपी अल्मोड़ा नियुक्त किया गया। देवेन्द्र पींचा को एसएसपी अल्मोड़ा से हटाकर सेनानायक, 31वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रपुर बनाया गया। जितेन्द्र कुमार मेहरा को अपराध एवं यातायात हरिद्वार से एसपी बागेश्वर भेजा गया। मनोज ठाकुर को अपर पुलिस अधीक्षक सीआईडी से अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार, पौड़ी गढ़वाल नियुक्त किया गया।चन्द्रमोहन सिंह को अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार से पुलिस अधीक्षक (क्षेत्रीय) अभिसूचना देहरादून भेजा गया।
शासन का स्पष्ट निर्देश……
शासनादेश में सभी अधिकारियों को तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कार्यभार ग्रहण प्रमाणपत्र पुलिस महानिदेशक, उत्तराखंड के माध्यम से शासन को भेजने को कहा गया है।
क्या संकेत देता है यह फेरबदल?…….
विशेषज्ञों के अनुसार यह तबादला सूची आगामी प्रशासनिक चुनौतियों, कानून-व्यवस्था की मजबूती और रणनीतिक इकाइयों को सशक्त करने के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
खासतौर पर देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर जैसे संवेदनशील जिलों में नए नेतृत्व की तैनाती शासन की प्राथमिकताओं की ओर संकेत करती है।

