हालात सुधरने के आसार – डेंजर जोन स्वाला सहित चम्पावत बाईपास के कार्यों का सचिव लोक निर्माण विभाग डॉ पंकज कुमार पाण्डेय ने किया निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा निर्देश।

खबर शेयर करें -

हालात सुधरने के आसार – डेंजर जोन स्वाला सहित चम्पावत बाईपास के कार्यों का सचिव लोक निर्माण विभाग डॉ पंकज कुमार पाण्डेय ने किया निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा निर्देश।

चम्पावत। डॉ० पंकज कुमार पाण्डेय, सचिव, लोक निर्माण विभाग, उत्तराखण्ड शासन द्वारा जनपद चम्पावत भ्रमण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-09 चम्पावत बाईपास निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को परियोजना में आवश्यक संसाधनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्यों में तेजी लाई जा सके। सचिव ने विशेष रूप से पेड़ कटान की प्रक्रिया तथा प्रभावित परिवारों को मुआवजा वितरण की कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या तकनीकी बाधा न आने पाए तथा सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वाला क्षेत्र में संचालित सड़क सुधारीकरण कार्यों का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिशासी अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग प्रखंड को निर्देशित किया कि समस्त कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने परियोजना की प्रतिदिन मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक सप्ताह प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए, जिससे कार्यों की नियमित समीक्षा की जा सके।

यातायात सुगमता को ध्यान में रखते हुए सचिव ने निर्माण अवधि के दौरान वैकल्पिक मार्ग के उपयोग की संभावनाओं पर भी विचार करने को कहा, ताकि आमजन को न्यूनतम असुविधा हो। इसके अतिरिक्त उन्होंने टनकपुर से पूर्णागिरि मंदिर तक राज्य मार्ग संख्या-108 (एस.एच.-108) पर संचालित निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने तथा सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह मार्ग धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, अतः कार्यों में तेजी और गुणवत्ता दोनों सुनिश्चित की जाएं। सचिव लोक निर्माण विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क अवसंरचना का सुदृढ़ीकरण राज्य सरकार की प्राथमिकता में है तथा पर्वतीय क्षेत्रों में सुरक्षित, सुगम और टिकाऊ सड़क नेटवर्क विकसित करना शासन की प्रतिबद्धता है।

इस दौरान उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या, अधिशासी अभियंता दीपक जोशी सहित लोक निर्माण विभाग के अधिकारी व अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page