गौरव के पल – टनकपुर की बेटी ने लिखी कामयाबी की नई इबारत, पीसीएस में चयनित होकर अंजली चंद बनीं सहायक नगर आयुक्त, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर।

खबर शेयर करें -

गौरव के पल – टनकपुर की बेटी ने लिखी कामयाबी की नई इबारत, पीसीएस में चयनित होकर अंजली चंद बनीं सहायक नगर आयुक्त, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर।

टनकपुर (चम्पावत) । सपनों को सच करने के लिए सिर्फ बड़े संसाधनों की नहीं, बल्कि बड़े हौसलों की जरूरत होती है। इस बात को एक बार फिर टनकपुर की होनहार बेटी अंजली चंद ने साबित कर दिखाया है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की पीसीएस परीक्षा में शानदार सफलता प्राप्त करते हुए उनका चयन सहायक नगर आयुक्त पद पर हुआ है। इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे टनकपुर और चम्पावत जनपद को गौरवान्वित किया है।

ककरालीगेट निवासी अंजली चंद की सफलता की खबर मिलते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। शुभचिंतक, रिश्तेदार, मित्र और क्षेत्र के गणमान्य लोग उन्हें शुभकामनाएं देने पहुंच रहे हैं। हर किसी की जुबान पर उनकी मेहनत, लगन और संघर्ष की चर्चा है। वर्तमान में अंजली चंद अल्मोड़ा जनपद के लमगड़ा क्षेत्र में उपखंड शिक्षा अधिकारी के पद पर अपनी सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा टनकपुर के सेंट फ्रांसिस स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद नोजगे पब्लिक स्कूल, खटीमा से इंटरमीडिएट तथा एमिटी यूनिवर्सिटी, नोएडा से एप्लाइड मैथ्स में स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की।

सामान्य परिवार से आने वाली अंजली के पिता प्रकाश चंद सामाजिक कार्यकर्ता एवं व्यवसायी हैं, जबकि माता दीपा चंद गृहिणी हैं। उनके चाचा धर्मेन्द्र चंद अपने निजी स्कूल के प्रबंधक और एक चाचा बसंतराज चंद नगर पालिका परिषद टनकपुर मे वरिष्ठ लिपिक के पद पर कार्यरत हैं। परिवार के सहयोग और संस्कारों ने उनकी सफलता की राह को मजबूत आधार प्रदान किया। अंजली का कहना है कि कठिन परिस्थितियां कभी भी सफलता के रास्ते में बाधा नहीं बनतीं, यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास निरंतर जारी रहें।

अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने माता-पिता, परिवारजनों और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है। उनका मानना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए मूल विषयों की गहरी समझ, नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और समसामयिक घटनाओं की जानकारी बेहद जरूरी है। अंजली चंद की यह उपलब्धि आज उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का साहस रखते हैं। उनकी सफलता ने यह संदेश दिया है कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।

क्षेत्रवासियों, शिक्षाविदों, सामाजिक संगठनों तथा जनप्रतिनिधियों ने अंजली चंद को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। टनकपुर की इस बेटी की सफलता पर पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page