मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर टनकपुर में मेला दुकानदारों के लिए स्थान चयन, प्रशासनिक टीम ने किया स्थलीय निरीक्षण।

टनकपुर (चम्पावत)। माँ पूर्णागिरी मेले के दौरान अस्थायी दुकानदारों की व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शनिवार को प्रशासनिक टीम ने टनकपुर में मेला पार्किंग स्थल के समीप दुकानदारों को स्थान उपलब्ध कराने के लिए स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सीएम कैम्प कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल तथा एसडीएम अनुराग आर्य के नेतृत्व में टीम ने संभावित स्थान का जायजा लिया। इस दौरान मेले में दुकान लगाने वाले अस्थायी दुकानदारों को एनएचपीसी बैराज क्षेत्र के बजाय मेला पार्किंग स्थल के पास दुकानें आवंटित किए जाने का निर्णय लिया गया, ताकि सुरक्षा व्यवस्था भी बनी रहे और दुकानदारों की आजीविका भी प्रभावित न हो।
नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने क्षेत्र की जनता और स्थानीय व्यापारियों की समस्याओं को लेकर पूरी तरह चिंतित हैं। उनके निर्देश पर ही प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकानदारों के लिए वैकल्पिक स्थान चिन्हित किया जा रहा है।
प्रशासन का कहना है कि शीघ्र ही व्यवस्था को अंतिम रूप देकर अस्थायी दुकानदारों को मेला पार्किंग स्थल के पास दुकानें आवंटित कर दी जाएंगी, जिससे आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलेगी और स्थानीय व्यापारियों को भी राहत मिल सकेगी। इस दौरान तमाम विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं दूसरी ओर तमाम दुकानदार बैराज क्षेत्र में ही दुकान दिए जाने की मांग को लेकर सीएम कैम्प कार्यालय के मुख्य गेट के समीप धरने पर डटे हैं। जिनसे वार्ता के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार भी टनकपुर पहुँचे हैं। फिलहाल शुक्रवार / शनिवार की रात लगभग एक बजे तक मेला दुकानदारों का धरना जारी हैं, जहाँ भारी संख्या में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया हैं। अलबत्ता समाचार लिखें जाने तक आंदोलित लोगों की वार्ता शुरू नहीं हों पायी हैं। डीएम चम्पावत आला अधिकारियो के साथ सीएम कैम्प कार्यालय में मंत्रणा में व्यस्त बताये जा रहे हैं।

