अभियान – चम्पावत में दो दिवसीय सघन वाहन चेकिंग अभियान, भारत–नेपाल सीमा पर एसएसबी संग संयुक्त कार्रवाई, नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहनों के खिलाफ की गयीं चालानी एवं निरोधात्मक कार्यवाही।

चम्पावत। आरटीओ के निर्देशन में चम्पावत उपसंभाग क्षेत्र में सड़क सुरक्षा एवं यातायात अनुशासन को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से दो दिवसीय सघन चेकिंग अभियान संचालित किया गया। अभियान के तहत यातायात नियमों के पालन के साथ-साथ सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु भारत–नेपाल सीमा पर एसएसबी के साथ संयुक्त चेकिंग भी की गई।

संयुक्त जांच के दौरान ग़ैर-व्यावसायिक वाहनों का व्यावसायिक उपयोग करते पाए जाने पर कुल 04 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जबकि एक वाहन को मौके पर ही सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय, टनकपुर में निरुद्ध किया गया।

रात्रि चेकिंग के दौरान गैस सिलेंडर का परिवहन कर रहे एक ट्रक चालक को ड्रिंक एंड ड्राइव के अभियोग में पकड़ा गया। चालक को कोतवाली टनकपुर के सुपुर्द करते हुए वाहन को भी निरुद्ध किया गया।

अभियान के दौरान निर्धारित गति सीमा से अधिक गति से वाहन संचालन के मामलों में 09 वाहनों का चालान किया गया। इसके अतिरिक्त ओवरलोड माल वाहन (01), बिना फिटनेस (02), बिना ढके माल का परिवहन/अनकवर्ड (02), बिना कर (05), बिना ड्राइविंग लाइसेंस (03) सहित अन्य प्रमुख अभियोगों में भी कार्रवाई की गई।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा, अनुशासन तथा नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

