पुलिस का इक़बाल बुलंद – टनकपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 8 घंटे में झपट्टा मारने वाला अभियुक्त गिरफ्तार।
टनकपुर (चम्पावत)।वरिष्ठ नागरिकों के विरुद्ध घटित अपराधों पर सख्ती के निर्देशों के क्रम में कोतवाली टनकपुर पुलिस ने झपट्टा मारकर पर्स छीनने की घटना का सफल अनावरण करते हुए अभियोग पंजीकृत होने के मात्र 08 घंटे के भीतर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त के कब्जे से छीना गया पर्स व नगदी भी बरामद कर ली गई है। पुलिस के अनुसार गुरुवार को वादिनी नेहा पाण्डेय, निवासी नायकगोठ, कालसन मंदिर के पास कोतवाली टनकपुर ने थाने में तहरीर देकर बताया कि 30 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 12:30 बजे अज्ञात व्यक्ति ने उनके पिता विजय कुमार पाण्डेय से झपट्टा मारकर पर्स छीन लिया था। पर्स में करीब 2000 रुपये नगद, आधार कार्ड व वोटर आईडी कार्ड रखे थे।
तहरीर के आधार पर कोतवाली टनकपुर में मुकदमा अपराध संख्या 01/2026 धारा 304 बीएनएस बनाम अज्ञात पंजीकृत किया गया। क्षेत्राधिकारी टनकपुर के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक चेतन सिंह रावत के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने वादी को साथ लेकर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, सुरागरसी-पतारसी एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को रोडवेज बस स्टैंड टनकपुर के पास सैनिक विश्राम गृह के भीतर खाली मैदान से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सागर सोराड़ी (24 वर्ष) पुत्र नारायण सोराड़ी, निवासी लिन्ठूड़ा, कोतवाली पिथौरागढ़, जनपद पिथौरागढ़ के रूप में हुई है। अभियुक्त के कब्जे से काले रंग का पर्स, आधार कार्ड एवं 1850 रुपये नगद बरामद किए गए हैं। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें मारपीट, लूट, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट सहित कई मुकदमे पंजीकृत हैं। टनकपुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर आमजन में विश्वास बढ़ा है। पुलिस टीम में चेतन सिंह रावत, प्रभारी निरीक्षक, उप निरीक्षक जितेन्द्र सिंह बिष्ट, हेड कांस्टेबल कमल कुमार और कांस्टेबल आनंद सिंह नेगी मौजूद रहे।




