शारदा खनन निकासी का हुआ शुभारम्भ, टनकपुर के कारोबार को मिलेगी नई रफ्तार।
टनकपुर क्षेत्र में शारदा नदी से खनन निकासी कार्य का आज सोमवार koविधिवत शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार ने फीता काटकर खनन गेट का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में खनन, राजस्व, पुलिस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खनन सत्र के दौरान प्रतिदिन लगभग 650 वाहनों के माध्यम से खनन सामग्री की निकासी की जाएगी। खनन गेट 31 मई तक संचालित रहेगा। प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया गया है कि खनन कार्य सभी निर्धारित नियमों एवं पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप किया जाए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या अवैध गतिविधि न हो।
खनन कार्य के शुभारम्भ से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। वाहन चालकों, मजदूरों, ढाबा संचालकों, पेट्रोल पंपों, वर्कशॉप और अन्य छोटे-बड़े व्यापारियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। इससे टनकपुर के स्थानीय कारोबार को मजबूती मिलने के साथ-साथ राजस्व में भी वृद्धि होगी।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि खनन निकासी पर सतत निगरानी रखी जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं व्यापारियों ने खनन कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस दौरान एसडीओ शारदा शालिनी जोशी, रेंजर सुनील शर्मा, खनन अधिकारी मुदित आर्य, कोतवाल चेतन रावत, भाजपा नेता पूरन मेहरा, यूनियन अध्यक्ष मनोज गुप्ता, अमन ठाकुर, के अलावा एनचपीसी, वन विभाग, वन निगम के अधिकारियो कर्मचारियों के अलावा तमाम वाहन स्वामी मौजूद रहे।




