शानदार पहल – लायंस क्लब का सराहनीय प्रयास. उप जिला चिकित्सालय में आयोजित रक्तदान शिविर में जुटी 20 यूनिट रक्त, निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर के साथ ही रक्तदान का पुनीत अभियान।
टनकपुर (चम्पावत)। रविवार को सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय लायंस क्लब द्वारा स्थानीय उप जिला चिकित्सालय में एक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर के दौरान कुल 20 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर जीवनरक्षक सहायता उपलब्ध हो सकेगी। इस शिविर में खटीमा से न्यू लाइफ लाइन चैरिटेबल ट्रस्ट के डॉ. सुभाष यादव एवं डॉ. नीलिमा जियाला तथा उनकी अनुभवी टीम का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। उनकी चिकित्सकीय देखरेख में रक्तदान की प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई गई।
शिविर के दौरान एक विशेष अवसर तब आया जब रविन्द्र महर के 100 वीं बार रक्तदान करने पर लायंस क्लब द्वारा उन्हें शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। उनका यह योगदान समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया और उपस्थित सभी लोगों ने उनके इस मानवीय कार्य की मुक्तकंठ से सराहना की।
रक्तदान शिविर में लायंस क्लब के अध्यक्ष अनुराग अग्रवाल, शिविर संयोजक लायन दीपक छतवाल, शिविर संयोजक लायन संजय अग्रवाल, सचिव लायन गौरव अग्रवाल सहित लायन दीपक जैन, लायन वैभव अग्रवाल, लायन नरेश अग्रवाल, लायन आलोक अग्रवाल, लायन अंकित अग्रवाल, लायन विकास गुप्ता, लायन दीपक शारदा, लायन अर्पित शर्मा, लायन अभिषेक गुप्ता, लायन लेडी सदासा अग्रवाल, लायन लेडी शुभी अग्रवाल, नेहा शारदा, नारी शक्ति संस्थान की कल्पना अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
लायंस क्लब टनकपुर द्वारा आयोजित यह रक्तदान शिविर सेवा, समर्पण और मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण रहा, जिससे समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का सशक्त संदेश दिया गया।




