सुलभ इंटरनेशनल सोशल सर्विस ऑर्गेनाइजेशन के द्वारा माँ पूर्णागिरी धाम में सफाई व्यवस्था चाक चौबंद, संस्था के समर्पित सफाई कर्मी दिन-रात पूरे क्षेत्र को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने में हैं लगे हुए, हर कोना साफ-सुथरा रहे, इसके लिए नियमित रूप से कचरा उठान, सफाई अभियान और कीटनाशकों का किया जा रहा हैं छिड़काव ।
चम्पावत। सुलभ इंटरनेशनल सोशल सर्विस ऑर्गेनाइजेशन द्वारा माँ पूर्णागिरी धाम में चल रहे मेले के दौरान स्वच्छता की ऐसी मिसाल पेश की जा रही है, जो सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का जीवंत उदाहरण बन गई है। लगातार दूसरे वर्ष भी सुलभ इंटरनेशनल ने मेला क्षेत्र की सफाई व्यवस्था का जिम्मा अपने कंधों पर उठाया है और इसे पूरी निष्ठा के साथ निभा रहा है। संस्था के समर्पित सफाई कर्मी दिन-रात जुटकर पूरे क्षेत्र को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने में लगे हुए हैं। हर कोना साफ-सुथरा रहे, इसके लिए नियमित रूप से कचरा उठान, सफाई अभियान और कीटनाशकों का छिड़काव किया जा रहा है।
बेतहाशा भीड़ और निरंतर आवागमन के बावजूद सफाई व्यवस्था जिस तरह चाक-चौबंद रखी गई है, वह काबिले-तारीफ है। सुलभ के कर्मियों की सेवा भावना और अनुशासन ने यह साबित कर दिया है कि यदि संकल्प मजबूत हो, तो किसी भी चुनौती को अवसर में बदला जा सकता है। तीर्थ यात्रियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ मेला दुकानदारों, भंडारा संचालकों और विभिन्न विभागों ने भी सुलभ इंटरनेशनल के प्रयासों की खुलकर सराहना की है। हर ओर संस्था के कार्यों की प्रशंसा सुनाई दे रही है।
माँ पूर्णागिरी धाम की पावन भूमि पर स्वच्छता का यह अभियान न केवल श्रद्धालुओं को सुखद अनुभव दे रहा है, बल्कि “स्वच्छता ही सेवा” के संदेश को भी सशक्त रूप से जन-जन तक पहुंचा रहा है। निस्संदेह, सुलभ इंटरनेशनल सोशल सर्विस ऑर्गेनाइजेशन का यह प्रयास एक प्रेरणादायक उदाहरण है, जो आने वाले समय में भी समाज को स्वच्छता और सेवा के प्रति जागरूक करता रहेगा।


