जिलाधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व में ग्राम पंचायत हेलागोठ में रात्रि चौपाल लगाकर तमाम मूलभूत समस्याओ का किया गया समाधान, ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का जताया आभार ।
बनबसा (चम्पावत)। जनपद के समग्र विकास और ग्रामीण समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से ग्राम पंचायत चंदनी के राजस्व ग्राम हेलागोठ में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने गांव में गौशाला, शौचालय, आंगनबाड़ी केंद्र, सड़क, बिजली और प्रकाश व्यवस्था की कमी को प्रमुख रूप से उठाया। जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को पात्र लाभार्थियों के लिए प्राथमिकता के आधार पर शौचालय और गौशाला निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गांव में पर्याप्त रोशनी न होने की समस्या पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को शीघ्र कार्रवाई कर प्रकाश व्यवस्था सुधारने के आदेश दिए। वहीं हुड्डी नदी से हो रहे भू-कटाव की समस्या को गंभीर मानते हुए सिंचाई विभाग को वायर क्रेट निर्माण के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही गांव में सोलर लाइट लगाने, ओपन जिम स्थापित करने और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास के निर्देश भी दिए गए, ताकि बच्चों, युवाओं और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
इस दौरान विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, जिला पंचायत सदस्य सरोज चंद, ग्राम प्रधान प्रमिला ज्याल, उपजिलाधिकारी आकाश जोशी, खंड विकास अधिकारी अशोक अधिकारी, ईई लोनिवि एम.सी. पलड़िया के अलावा वन विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।


