नयागोठ वार्ड में मार्ग चौड़ीकरण की मांग कों लेकर पूर्व सभासद योगेश पाण्डेय के नेतृत्व मे मुख्यमंत्री से लगाई गुहार, सौपा ज्ञापन।
टनकपुर (चम्पावत)। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 09 नयागोठ के निवासियों ने क्षेत्र के एक संकरे मार्ग के चौड़ीकरण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड को सम्बोधित ज्ञापन सीएम कैम्प कार्यालय के प्रशासनिक अधिकारी राजपाल चौहान कों सौपा।
ज्ञापन में बताया गया है कि वर्ष 2017 में ग्राम नायकगोठ का यह क्षेत्र नगर पालिका परिषद टनकपुर के वार्ड संख्या 09 में शामिल किया गया था। इसके बाद पूर्व में हुए मार्ग चौड़ीकरण कार्य के दौरान अधिकांश स्थानों पर सड़क की चौड़ाई 12 से 14 फीट तक कर दी गई, लेकिन शिशु मंदिर स्कूल के पीछे रोशन लाल एवं शंकर पाठक के मकानों के मध्य स्थित मार्ग आज भी मात्र 4 से 5 फीट चौड़ा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि संकरे मार्ग के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों तथा ई-रिक्शा एवं टुकटुक चालकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वहीं एम्बुलेंस, गैस वाहन एवं अन्य बड़े वाहनों को क्षेत्र में पहुंचने के लिए लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ता है, जिससे समय की भी बर्बादी होती है।
वार्डवासियों ने बताया कि पूर्व में सड़क चौड़ीकरण के लिए क्षेत्र के कई लोगों ने स्वेच्छा से अपनी भूमि का हिस्सा दिया था, जिससे अधिकांश मार्ग चौड़ा हो सका। अब शेष संकरे हिस्से का भी चौड़ीकरण कराए जाने की मांग की गई है। स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री से मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने तथा जनहित में मार्ग चौड़ीकरण सुनिश्चित कराने की मांग की है।
ज्ञापन मे सभासद बबीता वर्मा, आनंदी देवी, अर्चना थापा, राधा देवी, ममता देवी, मीना देवी, लता शर्मा, लाल सिंह, भगवती देवी, ईश्वरी देवी, राकेश आर्य, पुष्कर राम, आनंदी देवी, राधा चौहान, जगदीश टम्टा, मंजू देवी, कमला, ईश्वरी देवी, तारा देवी, गौरव सक्सेना, माया देवी, मुन्नी देवी, विकास बहादुर, पूजा सहित तमाम लोगों के हस्ताक्षर हैं।

