जब अवसर मिला, तो चमक उठी प्रतिभा – ग्रामीण बच्चों ने ज्ञान, तर्क और तत्परता की प्रतियोगिता में किया कमाल।
चंपावत। डायट लोहाघाट में आयोजित जनपद स्तरीय ज्ञान, बुद्धि, तत्परता एवं समसामयिक विषयों आधारित प्रतियोगिताओं ने इस बार शिक्षा जगत में एक नई मिसाल कायम कर दी। यह आयोजन केवल प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों से आए विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और बौद्धिक क्षमता का सशक्त प्रदर्शन बन कर उभरा। मंच मिला तो बच्चों ने अपनी ऊर्जा, दृष्टि और तर्कशक्ति से उपस्थित सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डायट प्रभारी प्राचार्य दिनेश सिंह खेतवाल, कार्यक्रम समन्वयक कृष्ण सिंह ऐरी और संचालक शिवराज सिंह तड़ागी द्वारा किया गया। इसके उपरांत सेकेंडरी एवं सीनियर सेकेंडरी स्तर के छात्रों ने क्विज, भाषण तथा वाद–विवाद प्रतियोगिताओं में भाग लेकर ज्ञान, भाषा-कौशल, तर्क क्षमता और त्वरित निर्णय लेने की दक्षता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल और शिक्षकों की सराहना पूरे समय छात्रों के उत्साह को और बढ़ाती रही। पूरे आयोजन में प्रतिभागियों की वर्तमान मुद्दों पर समझ, मानसिक चपलता, अभिव्यक्ति कौशल और त्वरित उत्तरदायित्व विशेष रूप से उभरकर सामने आया। यह मंच विद्यार्थियों के लिए केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि अपनी प्रतिभा को संवारने, व्यक्तित्व निखारने और बड़े अवसरों की ओर कदम बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन गया।
समापन सत्र में विजेता छात्रों को आकर्षक पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में निर्णायक मंडल एवं व्यवस्थाओं से जुड़े शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इनमें प्रमुख रूप से डॉ. आशुतोष वर्मा, डॉ. अवनीश शर्मा, डॉ. पारुल शर्मा, डॉ. लक्ष्मी शंकर यादव, शिवराज सिंह तड़ागी, डॉ. लता आर्या, राम बालक मिश्रा, नवीन उपाध्याय, डॉ. कमल गहतोड़ी, शैलेश मटियानी राज्य उत्कृष्ट शिक्षक पुरस्कार प्राप्त शिक्षक प्रकाश चन्द्र उपाध्याय, रवीश पचौली राखी गहतोड़ी, सुनीता देवी, नवीन राम एवं मनोज नाथ महंत का उल्लेखनीय योगदान रहा। माध्यमिक स्तर में वाद विवाद प्रतियोगिता में पक्ष में चन्द्रकला जोशी,एकता,पवन सिंह, विपक्ष में सपना जोशी,सरिता,नीरज जोशी,भाषण प्रतियोगिता में माध्यमिक अंकित जोशी, पूजा भट्ट, अंशिका अधिकारी, क्विज में राहुल तथा चंचल, खुशी, ज्योति तथा दीपांशु सिंह ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार उच्च माध्यमिक वाद विवाद प्रतियोगिता में पक्ष मेंआरती जोशी, रिया बोहरा, खुशी राय, विपक्ष में नैन सिंह यादव, नेहा जोशी, वैष्णवी, भाषण प्रतियोगिता में शगुन, अंकिता, विनीता, क्विज प्रतियोगिता में संदीप तथा वरदा, कुलदीप तथा भूमिका, गोपाल तथा अर्जुन ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को सीईओ मेहरबान सिंह बिष्ट एवं डायट प्राचार्य मान सिंह ने शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

