टनकपुर मे जहरीला पदार्थ खाने वाले बुजुर्ग की उपचार के दौरान हुई मौत, पीएम के बाद शव परिजनों के किया सुपुर्द जमीनी विवाद बताई जा रहीं हैं बजह, मुकदमा दर्ज।
टनकपुर (चम्पावत)। जमीनी विवाद से परेशान एक बुजुर्ग ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा हैं बुधवार की रात पिथौरागढ़ चुंगी के पास एक व्यक्ति अर्द्ध बेहोशी की हालत में मिला। मौके से गुजर रही चीता मोबाइल पुलिस टीम ने उसे देखा तो वह जोर-जोर से चिल्ला रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि उसने सल्फास खा लिया है। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे उपजिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान दीवान सिंह बोहरा (55 वर्ष) पुत्र स्व. देव सिंह बोहरा, निवासी मौड़ा गांव, पंचेश्वर (लोहाघाट) के रूप में हुई है। चिकित्सक डा. आफताब आलम के अनुसार, मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई।
कोतवाल चेतन सिंह रावत ने बताया कि अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचित किया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक के पुत्र दीपक सिंह ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके पिता ने खटीमा के बुढ़िया थारू निवासी एक व्यक्ति से 11 लाख रुपये में जमीन खरीदी थी। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने वही जमीन किसी अन्य को बेच दी और न तो रकम लौटाई, न ही जमीन दी। इससे परेशान होकर उसके पिता ने यह कदम उठाया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी कैलाश भट्ट पुत्र परमानंद भट्ट, निवासी बुढ़िया थारू (खटीमा) के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एसआई अकरम मोहम्मद को सौंपी गई है। पुलिस जांच के बाद अग्रिम कार्यवाही अमल मे लायी जाएगी।

